मशाल खेल प्रतियोगिता में स्कूल स्तर से तराशे जाएंगे खेल प्रतिभा के सितारे
विद्यालयों में पढ़ाई के साथ खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें प्रतियोगिता के बड़े मंच तक पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में प्रखंड बीआरसी परिसर स्थित सभा कक्ष में गुरुवार को प्रखंड के सभी विद्यालयों के शारीरिक शिक्षकों और कंप्यूटर ऑपरेटरों का एक दिवसीय संयुक्त प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

__ दो अक्टूबर से शुरू होगी प्रतियोगिता, पहचान पत्र के आधार पर खिलाड़ियों का होगा ऑनलाइन निबंधन
केटी न्यूज/राजपुर।
विद्यालयों में पढ़ाई के साथ खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें प्रतियोगिता के बड़े मंच तक पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में प्रखंड बीआरसी परिसर स्थित सभा कक्ष में गुरुवार को प्रखंड के सभी विद्यालयों के शारीरिक शिक्षकों और कंप्यूटर ऑपरेटरों का एक दिवसीय संयुक्त प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में आगामी मशाल खेल प्रतियोगिता के आयोजन, खिलाड़ियों के चयन, निबंधन और ऑनलाइन डाटा अपलोड करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।प्रशिक्षक राजीव रंजन ने बताया कि आगामी दो अक्टूबर से विद्यालय स्तर पर मशाल खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को चिह्नित कर अगले चरण के लिए चयनित किया जाएगा। विद्यालय स्तर पर चयनित प्रतिभागी संकुल स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

इसके बाद संकुल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने स्पष्ट किया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत आधिकारिक निबंधन कराया जाएगा। इसके लिए सरकार द्वारा जारी मान्य पहचान पत्र को आधार बनाया जाएगा। खिलाड़ियों के चयन और निबंधन में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।प्रशिक्षक ने बताया कि खेल मैदान पर प्रतियोगिता को व्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की जिम्मेदारी शारीरिक शिक्षकों की होगी।

वहीं, कंप्यूटर ऑपरेटर चयनित खिलाड़ियों से संबंधित आवश्यक जानकारी को विभागीय पोर्टल पर अपलोड करेंगे। प्रशिक्षण के माध्यम से दोनों स्तर के कर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों और तकनीकी प्रक्रिया से अवगत कराया गया, ताकि प्रतियोगिता के आयोजन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।मशाल खेल प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यालय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रखंड से जिला स्तर तक आगे बढ़ाने की पहल की जा रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है।

