खेल प्रतिभाओं का सम्मान: अनंत विजयम एकेडमी की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न

डुमरांव स्थित अनंत विजयम एकेडमी में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन शनिवार को भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता डुमरांव अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने की। कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता दीक्षा कुमारी तथा राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता निधि कुमारी शामिल रहीं।

खेल प्रतिभाओं का सम्मान: अनंत विजयम एकेडमी की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न

-- एसडीएम राकेश कुमार ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत, स्वामी विवेकानंद के संदेश से किया प्रेरित

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव स्थित अनंत विजयम एकेडमी में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन शनिवार को भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता डुमरांव अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने की। कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता दीक्षा कुमारी तथा राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता निधि कुमारी शामिल रहीं।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और सम्मान से हुआ। एकेडमी के प्रेसिडेंट चंदन कुमार मिश्रा ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इसके बाद मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को विनर कप, शील्ड और मेडल प्रदान किए गए। विजेता टीमों के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों को भी मेडल और कप देकर प्रोत्साहित किया गया।इस अवसर पर एसडीएम राकेश कुमार ने अपने संबोधन में युवाओं को खेल के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध कथन का उल्लेख करते हुए कहा, “यदि तुम फुटबॉल को ठीक से नहीं खेल सकते, तो गीता के मर्म को भी नहीं समझ सकते।” उन्होंने बताया कि खेलकूद न केवल शारीरिक विकास के लिए, बल्कि मानसिक सुदृढ़ता और अनुशासन के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।

विशिष्ट अतिथि दीक्षा कुमारी और निधि कुमारी ने अपने खेल जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास, समर्पण और कठिन परिश्रम का संदेश देते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और अनुशासन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। खिलाड़ियों ने उनके अनुभवों से प्रेरणा ली और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया।वार्षिक प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों के विजेता टीम कप्तानों में कबड्डी (बालिका वर्ग) की कप्तान अदिति, कबड्डी (बालक वर्ग) के कप्तान अंश, रस्साकस्सी में श्रेयसी ठाकुर एवं उज्ज्वल सिंह, फुटबॉल में शहरयार, खो-खो में सोनाक्षी तथा क्रिकेट में रितेश ओझा शामिल रहे।

कार्यक्रम का संचालन संतोष कुमार राय ने किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सिद्धि कुमारी, शिवम गुप्ता, राज कुमार, डॉली सिंह, पूनम तिवारी, रविभूषण, रामबचन सिंह, माधवी मिश्रा, तराना, अनुष्का, विद्यावती, निखिल कुमार, आकांक्षा, तरुण, सिया मिश्रा एवं विनीता गौरव पांडे सहित अन्य शिक्षकों व सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।समारोह के अंत में खिलाड़ियों के उत्साह और उपलब्धियों की सराहना करते हुए आयोजन समिति ने भविष्य में और बड़े स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।