राज्य खेल प्रतिभा खोज अभियान को धार देने की तैयारी

जिले की खेल प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य खेल प्रतिभा खोज अभ्यास-2026 के तहत प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत कर दी गई है। इसी क्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी, बक्सर में शुक्रवार को जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

राज्य खेल प्रतिभा खोज अभियान को धार देने की तैयारी

__ खेल प्रतिभाओं की खोज को मिलेगी रफ्तार, 22 मास्टर ट्रेनर हुए प्रशिक्षित

__ राज्य खेल प्रतिभा खोज अभ्यास-2026 के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न, अब प्रखंड स्तर पर शारीरिक शिक्षकों व कंप्यूटर शिक्षकों को करेंगे प्रशिक्षित

केटी न्यूज/बक्सर।

जिले की खेल प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य खेल प्रतिभा खोज अभ्यास-2026 के तहत प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत कर दी गई है। इसी क्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी, बक्सर में शुक्रवार को जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी इन्द्र कुमार कर्ण, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) अनन्या, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी रामभजन सहित अन्य अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने संयुक्त रूप से किया।प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रखंड स्तर पर खेल प्रतिभा खोज अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना रहा। इसके तहत जिले के सभी 11 प्रखंडों से दो-दो जिला स्तरीय शारीरिक शिक्षकों का चयन किया गया है।

कुल 22 शारीरिक शिक्षकों ने इस प्रशिक्षण में हिस्सा लिया। इनके साथ तकनीकी सहयोग के लिए तीन कंप्यूटर शिक्षकों को भी प्रशिक्षण दिया गया।जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों को राज्य स्तर से आए प्रशिक्षकों ने खेल प्रतिभाओं की पहचान, अभ्यास एवं अभियान के संचालन से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी। प्रशिक्षण देने वालों में राज्य मास्टर ट्रेनर अशोक कुमार, संजय कुमार सिंह, अश्विनी कुमार राय, मोहम्मद मुस्लिम, कुमारी वंदना सिंह एवं राकेश रंजन उपाध्याय शामिल रहे। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अभियान को प्रखंड स्तर तक पहुंचाने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप गतिविधियों को संचालित करने की जानकारी दी गई।अधिकारियों के अनुसार, जिला स्तरीय प्रशिक्षण के बाद अब सभी मास्टर ट्रेनर अपने-अपने प्रखंडों में शारीरिक शिक्षकों एवं अनुदेशकों को प्रशिक्षित करेंगे।

इसके अलावा प्रत्येक संकुल से एक-एक कंप्यूटर शिक्षक अथवा कंप्यूटर का तकनीकी ज्ञान रखने वाले शिक्षक को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे खेल प्रतिभा खोज अभियान को विद्यालय और संकुल स्तर तक व्यवस्थित तरीके से पहुंचाने में मदद मिलेगी।प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से जिले में खेल प्रतिभाओं की पहचान के लिए एक मजबूत प्रशिक्षण तंत्र तैयार करने की कवायद शुरू हो गई है। अब प्रखंड स्तर पर होने वाले प्रशिक्षण के बाद अभियान को विद्यालय स्तर तक ले जाने की तैयारी है, ताकि ग्रामीण एवं सरकारी विद्यालयों में छिपी खेल प्रतिभाओं को चिन्हित कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।