चौसा स्टेशन रोड बनेगा नगर का नया आकर्षण

चौसा नगर पंचायत के स्टेशन रोड की तस्वीर अब बदलने वाली है। चौसा स्टेशन से चुन्नी रोड तक के मार्ग को नगर का नया आकर्षण केंद्र बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसे सिग्नेचर रोड के रूप में विकसित करने की योजना को नगर पंचायत के सशक्त स्थायी समिति एवं सामान्य बोर्ड की बैठक में स्वीकृति दी गई।

चौसा स्टेशन रोड बनेगा नगर का नया आकर्षण

__ स्टेशन रोड बदलेगा चौसा की तस्वीर, सिग्नेचर रोड का मिलेगा स्वरूप

__ पौधरोपण और आकर्षक रोशनी से होगा सौंदर्यीकरण, रात में गुलजार होगा नाइट मार्केट; नगर बोर्ड की बैठक में कई विकास योजनाओं पर लगी मुहर

केटी न्यूज/चौसा।

चौसा नगर पंचायत के स्टेशन रोड की तस्वीर अब बदलने वाली है। चौसा स्टेशन से चुन्नी रोड तक के मार्ग को नगर का नया आकर्षण केंद्र बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसे सिग्नेचर रोड के रूप में विकसित करने की योजना को नगर पंचायत के सशक्त स्थायी समिति एवं सामान्य बोर्ड की बैठक में स्वीकृति दी गई। सड़क के दोनों ओर हरियाली, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के कार्यों के साथ यहां व्यवस्थित नाइट मार्केट विकसित करने की भी योजना है। इससे शाम ढलने के बाद भी यह इलाका गतिविधियों से गुलजार रहने की उम्मीद है।मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय में हुई बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष किरण देवी ने की, जबकि कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने संचालन किया। बैठक में स्टेशन-चुन्नी रोड के विकास को प्राथमिकता देते हुए इसे आधुनिक एवं व्यवस्थित स्वरूप देने पर सहमति बनी।

__विरासत बने पुराने पेड़, बनेगा चबूतरा

नगर क्षेत्र में मौजूद पुराने एवं छायादार वृक्षों के संरक्षण को लेकर भी अहम फैसला लिया गया। इन पेड़ों के आसपास चबूतरा निर्माण कराने का प्रस्ताव पारित किया गया, ताकि हरियाली के साथ नगर की पुरानी पहचान को भी संरक्षित रखा जा सके।बैठक में मोबाइल टावरों से कर वसूली का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया। दूरसंचार अधिनियम-2023 की धारा 24 के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत नगर क्षेत्र में इसे लागू करने पर सहमति बनी।

__महादलित बस्तियों और छठ घाटों पर भी जोर

वार्ड संख्या चार स्थित महादलित सामुदायिक भवन की मरम्मती तथा वार्ड संख्या दस की महादलित बस्ती में गली एवं नाली निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया। छठ पर्व को देखते हुए रानी घाट के समीप वाटर स्टैंड पोस्ट लगाने का भी निर्णय लिया गया, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को पेयजल की सुविधा मिल सके।बैठक में दो लाभार्थियों के बीच कबीर अंत्येष्टि योजना की राशि का चेक वितरित किया गया। वहीं, नगर क्षेत्र में उत्पात मचा रहे बंदरों को पकड़ने की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। बैठक में समिति सदस्य, वार्ड पार्षद, विधायक एवं सांसद प्रतिनिधि, प्रधान लिपिक सत्य प्रकाश सहित नगर पंचायत के कर्मी मौजूद रहे।