बदहाल पड़ा है राज हाई स्कूल का ऐतिहासिक खेल मैदान, बंद पड़ी है खेल-कूद की गतिविधियां

डुमरांव स्थित राज हाई स्कूल का खेल मैदान अनुमंडल का सबसे बड़ा खेल मैदान है। जहां, हर साल कई बड़ी खेल प्रतियोगिताएं होती है। वहीं, हर दिन यहां सैकड़ो युवा व किशोर, क्रिकेट व फुटबॉल की प्रैक्टिस करने आते है। इसके अलावे सुबह शाम मार्निंग वॉक करने वाले बुजुर्गों, महिलाओं तथा सेना में बहाली की तैयारी करने वाले युवाओं का जमघट लगता है।

बदहाल पड़ा है राज हाई स्कूल का ऐतिहासिक खेल मैदान, बंद पड़ी है खेल-कूद की गतिविधियां

-- मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान जलनिकासी के लिए मैदान के बीचोबीच खोदा गया था नाला, चारों तरफ गड्ढे व रोड़े से बढ़ी परेशानी

-- अनुमंडल का सबसे बड़ा खेल मैदान में है शुमार, पूर्व भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी भी अजमा चुके है हाथ

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव स्थित राज हाई स्कूल का खेल मैदान अनुमंडल का सबसे बड़ा खेल मैदान है। जहां, हर साल कई बड़ी खेल प्रतियोगिताएं होती है। वहीं, हर दिन यहां सैकड़ो युवा व किशोर, क्रिकेट व फुटबॉल की प्रैक्टिस करने आते है। इसके अलावे सुबह शाम मार्निंग वॉक करने वाले बुजुर्गों, महिलाओं तथा सेना में बहाली की तैयारी करने वाले युवाओं का जमघट लगता है। लेकिन, पिछले कुछ महीनो से इस मैदान में ऐसी गतिविधयां थम सी गई है। बता दें कि मैदान बदहाल हो चुका है तथा इसमें चारों तरफ बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए है।

जिस कारण यहां खेल या दौड़ की पै्रक्टिस करने वाले युवाओं के साथ ही मार्निग वाक करने आने वाले बुजुर्गो व महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मैदान में गड्ढ़ें उभरने तथा चारों तरफ रोड़े बिखरने से खिलाड़ियों के चोटिल होने का खतरा बढ़ गया है। जिस कारण खिलाड़ी इस मैदान में पै्रक्टिस करने से कतरा रहे है। बता दें कि छठ के आस पास हुई जोरदार बारिश से मैदान में जलजमाव हो गया था। वहीं, कुछ दिनों के बाद इस मैदान में सूबे के मुखिया नीतीश कुमार एक चुनावी सभा को संबोधित करने आए थे। 

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय प्रशासन द्वारा आनन-फानन में जलनिकासी करवाई गई थी। इस दौरान मैदान के बीचोबीच एक कच्चा नाला खोदा गया था, जबकि एक किनारे हेलीपैड बनवाया गया था, लेकिन मुख्यमंत्री के जाने के बाद इस मैदान में बनाए गए कच्चे नाले की न तो मरम्मत की गई और न ही हेलीपैड बनाने के लिए डाले गए ईंट को हटाया गया। जिस कारण मैदान पहले से अधिक खराब हो गया है। इसको लेकर स्थानीय खेल प्रेमियों तथा खिलाड़ियो में गहरा आक्रोश है। जदयू नगर अध्यक्ष सह खेलप्रेमी गोपाल प्रसाद गुप्ता, क्रिकेट खिलाड़ी अभिषेक ओझा आदि ने इस खेल मैदान को समतल कर इसे खेलने योग्य बनाने की मांग स्थानीय प्रशासन से की है। 

-- गौरवशाली रहा है इतिहास, महेन्द्र सिंह धोनी भी अजमा चुके है हाथ 

बता दें कि इस खेल मैदान का इतिहास काफी गौरवशाली रहा है तथा पिछले एक शताब्दी से इस मैदान ने कई खेल प्रतिभाओं को निखारने का काम किया है। बता दें कि इसे खेल मैदान में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व  कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी भी हाथ अजमा चुके है। इसकेे अलावे क्रिकेट, बालीबॉल व फुटबॉल जैसे लोकप्रिय खेल की प्रतिभाएं इस मैदान में पै्रक्टिस कर राज्य स्तर तक नाम कमा चुके है। मैदान की वर्तमान हालत देख पूर्व खिलाड़ियों में गहरा आक्रोश है।

-- इस साल नहीं आयोजित हो रही है कई खेल प्रतियोगिताएं

राज हाई स्कूल के खेल मैदान की बदहाली का आलम है कि इस वर्ष कई बड़ी खेल प्रतियोगिताएं स्थगित कर दी गई है। मैदान की हालत को देखते हुए आयोजकों ने हाथ खड़े कर दिए है। जिन प्रतियोगिताओं को इस वर्ष स्थगित किया गया है, उनमें शहीद आईपीएस शहीद रविकांत सिंह स्मृति अंतर्राज्जीय क्रिकेट प्रतियोगिता तथा फुटबॉल प्रतियोगिताएं शामिल है।