होली के रंग में चली गोली: बडका ढकाईच में युवक गंभीर, गांव में पसरा तनाव
केटी न्यूज/डुमरांव
: होली के दिन जहां रंग और उत्सव का माहौल होना चाहिए था, वहीं बडका ढकाईच गांव में गोलियों की गूंज से सनसनी फैल गई। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के इस गांव में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गोलीबारी में जख्मी युवक की पहचान वीर बहादुर दुबे के 22 वर्षीय पुत्र भोला दुबे के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार घटना दोपहर के समय हुई, जब किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने हथियार निकाल लिया और भोला दुबे को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। घायल युवक को आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
थानाध्यक्ष रवि कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही हैं। पुलिस गांव में गश्त बढ़ाकर शांति व्यवस्था कायम रखने का प्रयास कर रही है।
घटना के बाद गांव में गुटीय तनाव चरम पर है और होली का उत्साह पूरी तरह फीका पड़ गया है। ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
