कृष्णाब्रह्म में पुलिस का एक्शन, नौ बाइक चालकों से वसूले 9 हजार
सड़क सुरक्षा को लेकर कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने रविवार को सम्पर्क पथ पर सख्त रुख अपनाते हुए सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले बाइक चालकों पर तत्काल कार्रवाई की गई। जांच में कुल नौ दोपहिया चालक नियम तोड़ते हुए पकड़े गए, जिनसे मौके पर ही एक-एक हजार रुपये का चालान काटते हुए कुल नौ हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
सड़क सुरक्षा को लेकर कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने रविवार को सम्पर्क पथ पर सख्त रुख अपनाते हुए सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले बाइक चालकों पर तत्काल कार्रवाई की गई। जांच में कुल नौ दोपहिया चालक नियम तोड़ते हुए पकड़े गए, जिनसे मौके पर ही एक-एक हजार रुपये का चालान काटते हुए कुल नौ हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।पुलिस टीम ने वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र, बीमा कागजात और हेलमेट की अनिवार्यता की बारीकी से जांच की।

इस दौरान कई चालक बिना हेलमेट के सड़क पर दौड़ते मिले, जबकि कुछ के पास आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। नियमों के उल्लंघन के मामलों में किसी प्रकार की ढील नहीं बरती गई और मोटर वाहन अधिनियम के तहत तत्काल कार्रवाई की गई।थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि व्यक्तिगत सुरक्षा का भी सवाल है।

पुलिस ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में भी इस तरह की जांच लगातार जारी रहेगी। खासकर बिना हेलमेट, ओवरलोडिंग, ट्रिपल राइडिंग और कागजात के बिना वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती और बढ़ाई जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलते समय जरूरी दस्तावेज साथ रखें और हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके और अनावश्यक जुर्माने से भी राहत मिले।

