दिनदहाड़े आभूषण व्यवसायी से लूट, विरोध करने पर मारी गोली

दिनदहाड़े आभूषण व्यवसायी से लूट, विरोध करने पर मारी गोली
फोटो : इलाज को सदर अस्पताल पहुंचा व्यवसायी

- बाइक सवार तीन बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम, लूट ले भागे ढाई लाख के जेवर 

- घटना की जांच करने एसपी और एसडीपीओ भी पहुंचे चरपोखरी

केटी न्यूज/आरा

जिले में गड़हनी-बागर पथ पर चरपोखरी थाना क्षेत्र के चांदी नहर के पास रविवार की दोपहर हथियार के बल पर एक आभूषण व्यवसायी से करीब ढाई लाख के जेवर लूट लिया गया। विरोध करने पर बाइक सवार व्यवसायी को गोली भी मार दी गयी। गोली उनके पेट में मारी गयी है, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गये। उनका इलाज आरा के बाबू बाजार स्थित प्राइवेट अस्पताल में कराया जा रहा है। घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। जख्मी व्यवसायी सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के बागर गांव निवासी भुनेश्वर सेठ का 40 वर्षीय पुत्र पिंटू सोनार है। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी जेवर और 500 रुपये छीन कर भलुआन की तरफ भाग गये। बदमाशों की संख्या तीन बतायी जा रही है। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। इधर, दिनदहाड़े लूट और जेवर व्यवसायी को गोली मारे जाने की सूचना से इलाके में सनसनी मच गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गयी। बाद में एसपी संजय कुमार सिंह और एसडीपीओ राहुल सिंह भी पहुंचे और अपने स्तर से जांच की। एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम बना कर छापेमारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि पिंटू सोनार रविवार की दोपहर अपने जेवर लेकर चरपोखरी थाना क्षेत्र के करनौल गांव आया था। उसके बाद वह बाइक से चांदी गांव जा रहा था। तभी चांदी स्थित नहर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों  ने घेर लिया और लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर उसे गोली मार दी। एसडीपीओ राहुल सिंह भी बताया कि करीब ढाई लाख के जेवर और पांच सौ रुपए छीने जाने की बात सामने आ रही है। मामले की छानबीन की जा रही है। अपराधियों की पहचान और धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। 

गोली लगने के बाद भी अपराधियों का किया पीछा 

सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के बागर गांव निवासी‌ पिंटू सोनार की गांव में आभूषण की दुकान है। वह गांव-देहात में भी घूम घूमकर सोने-चांदी का जेवर बेचता है। रविवार को वह चरपोखरी थाने के करनौल गांव आया था। वहां से दोपहर करीब डेढ़ बजे वह चांदी की ओर जा रहा था। तभी अपराधियों ने उसे घेर लिया और लूटपाट की। विरोध करने पर गोली भी मार दी। हालांकि गोली लगने के बाद भी उसने हार नहीं मानी और बाइक से अपराधियों का पीछा किया। लेकिन, अपराधी भागने में सफल रहे। पीड़ित के अनुसार अपराधी करीब ढाई लाख के गहने एवं पांच सौ रुपये नगद लूट कर हथियार लहराते हुए फरार हो गये। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसे जख्मी हालत में इलाज के लिए चरपोखरी पीएचसी ले जाया गया। वहां इलाज के बाद उपचार से आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

गोली लगने से आंत हो गई डैमेज :

लुटेरों की गोली के शिकार से जेवर व्यवसायी का शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। वहां डा. विकास सिंह द्वारा ऑपरेशन उसकी जान बचायी गयी। डाक्टर ने बताया व्यवसायी के पेट में राइट साइड गोली लगी थी। गोली बायें साइड आकर फंस गई थी। गोली से व्यावसायी की आंत पांच -छह जगह डैमेज हो गयी थी। उसे ऑपरेशन कर रिपेयर कर दिया गया। गोली का बुलेट निकाल दिया गया। मरीज की स्थिति अभी स्टेबल है। उसे ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।