नया भोजपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह को किया बेनकाब, कार समेत तीन तस्कर दबोचे
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करों का नेटवर्क लगातार सक्रिय है। नया भोजपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 13.5 लीटर अंग्रेजी शराब, एक स्विफ्ट डिजायर कार और तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।


केटी न्यूज/डुमरांव
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करों का नेटवर्क लगातार सक्रिय है। नया भोजपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 13.5 लीटर अंग्रेजी शराब, एक स्विफ्ट डिजायर कार और तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो तस्कर उत्तर प्रदेश से जुड़े बताए जा रहे हैं, जिससे यूपी-बिहार बॉर्डर के जरिए शराब सप्लाई की आशंका और गहरा गई है।थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार (बीआर 44 डब्ल्यू 3102) को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से विभिन्न ब्रांड की 750 एमएल की कई बोतलें बरामद हुईं। कुल 13.5 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई। मौके से पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान गोपालडेरा गांव निवासी विकास यादव उर्फ सोनू यादव, उत्तर प्रदेश के बलिया जिला अंतर्गत श्रीरामपुर निवासी हीरालाल यादव तथा बोधन यादव के रूप में हुई है। पुलिस का मानना है कि ये लोग लंबे समय से शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस इनसे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।पुलिस यह भी खंगाल रही है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और किस इलाके में खपाने की तैयारी थी। कार्रवाई के बाद इलाके में शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। थानाध्यक्ष ने साफ कहा कि शराबबंदी कानून तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।

