दरवाजे से बुलेट गायब, कैमरे में कैद हुए शातिर ,गांव से बाहर पहुंचते ही फरार
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनारपुर गांव में दिनदहाड़े हुई बाइक चोरी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। घर के दरवाजे पर खड़ी रॉयल एनफील्ड बुलेट को दो शातिर युवक बड़ी सफाई से उड़ा ले गए। पूरी करतूत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके बाद पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।


केटी न्यूज/बक्सर :
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनारपुर गांव में दिनदहाड़े हुई बाइक चोरी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। घर के दरवाजे पर खड़ी रॉयल एनफील्ड बुलेट को दो शातिर युवक बड़ी सफाई से उड़ा ले गए। पूरी करतूत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके बाद पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।पीड़ित बनारपुर निवासी रामाश्रय यादव के पुत्र आकाश कुमार यादव ने बताया कि रविवार की सुबह करीब 10:55 बजे उन्होंने अपनी काले रंग की रॉयल एनफील्ड स्टैंडर्ड बुलेट (नंबर- पीबी 10 जेडी 3774) शर्मा तिवारी के दरवाजे के सामने खड़ी की थी। बाइक खड़ी करने के बाद वह खाना खाने घर चले गए। कुछ देर बाद जब लौटे तो मौके से बाइक गायब थी। पहले उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

घटना के बाद इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में दो संदिग्ध युवक बेहद आराम से बाइक को पैदल ले जाते दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि गांव की सीमा पार करते ही दोनों ने बाइक स्टार्ट की और फरार हो गए। चोरों का अंदाज इतना बेखौफ था कि किसी को उन पर शक तक नहीं हुआ।घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस सक्रिय हुई और फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह चोरी होना पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

