गोलीकांड में दूसरे दिन तीन नामजद, नाबालिग हिरासत में पेट से निकाली गई गोली

सिमरी थाना क्षेत्र के एकौना व दुबौली गांव के बीच मामूली विवाद में किशोर को गोली मारने के मामले में दूसरे दिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग आरोपित को हिरासत में भी ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपित सहित अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

गोलीकांड में दूसरे दिन तीन नामजद, नाबालिग हिरासत में पेट से निकाली गई गोली

 __ वाराणसी में जिंदगी की जंग लड़ रहा मनीष, दोनों गांवों में तनाव बरकरार

केटी न्यूज/डुमरांव

सिमरी थाना क्षेत्र के एकौना व दुबौली गांव के बीच मामूली विवाद में किशोर को गोली मारने के मामले में दूसरे दिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग आरोपित को हिरासत में भी ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपित सहित अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।बताया जाता है कि बुधवार की सुबह एकौना गांव निवासी हरेंद्र यादव के 17 वर्षीय पुत्र मनीष यादव को गोली मार दी गई थी। गोली उसके पेट में फंस गई थी, जिसके बाद गंभीर हालत में उसे पहले बक्सर और फिर वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

इस मामले में पीड़ित किशोर के फर्द बयान पर सिमरी थाना में दुबौली गांव निवासी रौनक तिवारी पिता गणेश तिवारी, एकौना गांव निवासी दुनिया राय तथा एक अन्य नाबालिग के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। सिमरी थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है।इधर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल नाबालिग आरोपित को हिरासत में ले लिया है। वहीं मुख्य आरोपित रौनक तिवारी एवं अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।दूसरी तरफ वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती मनीष यादव की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर उसके पेट में फंसी गोली निकाल दी है, लेकिन उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

परिजन अस्पताल में डटे हुए हैं और किशोर के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।घटना को लेकर एकौना और दुबौली गांव के बीच तनाव कायम है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लगातार इलाके में निगरानी बनाए हुए है। वरीय पुलिस अधिकारी भी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है और शीघ्र ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।