लोक शिकायतों की सुनवाई में सात मामलों का हुआ निष्पादन
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में लोक शिकायत निवारण से संबंधित द्वितीय अपील मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जोड़कर मामलों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई का निर्देश दिया।

केटी न्यूज/बक्सर
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में लोक शिकायत निवारण से संबंधित द्वितीय अपील मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जोड़कर मामलों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई का निर्देश दिया।सुनवाई के दौरान कुल 15 मामलों पर विचार किया गया। इनमें सभी मामले लोक शिकायत अधिकार निवारण अधिनियम से संबंधित थे।

जिलाधिकारी द्वारा सात मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी मामलों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लंबित मामलों में तेजी लाने और शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

सुनवाई के दौरान स्थापना उप समाहर्ता बक्सर, कनीय अभियंता विद्युत इटाढ़ी उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भूमि सुधार उप समाहर्ता बक्सर, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर एवं डुमरांव, प्रखंड विकास पदाधिकारी डुमरांव तथा अंचलाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव भी जुड़े रहे। अधिकारियों ने संबंधित मामलों की अद्यतन स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।लोक शिकायतों की सुनवाई के दौरान फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

