डीएम साहिला ने की लोक शिकायतों की सुनवाई, आठ मामलों का किया निष्पादन
जिला पदाधिकारी साहिला द्वारा गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में लोक शिकायतों की द्वितीय अपील की सुनवाई की गई। यह सुनवाई प्रत्यक्ष रूप से तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 12 मामलों पर विचार किया गया।
केटी न्यूज/बक्सर :
जिला पदाधिकारी साहिला द्वारा गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में लोक शिकायतों की द्वितीय अपील की सुनवाई की गई। यह सुनवाई प्रत्यक्ष रूप से तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 12 मामलों पर विचार किया गया।सुनवाई के दौरान प्राप्त मामलों में 11 मामले लोक शिकायत अधिकार निवारण अधिनियम से संबंधित थे, जबकि एक मामला सेवा शिकायत अपील से जुड़ा था। जिला पदाधिकारी ने सभी मामलों की क्रमवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए।

लोक शिकायत अधिकार निवारण से संबंधित 11 मामलों में से 6 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। वहीं सेवा शिकायत अपील से संबंधित एकमात्र मामले का भी जिला पदाधिकारी द्वारा समाधान कर दिया गया। इस प्रकार कुल सात मामलों का निष्पादन करते हुए शेष मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।सुनवाई के दौरान जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोक शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि लोक शिकायत निवारण व्यवस्था का उद्देश्य आम जनता को न्याय दिलाना है, इसलिए सभी विभागीय अधिकारी इस दिशा में गंभीरता से कार्य करें।इस अवसर पर स्थापना उप समाहर्ता बक्सर, कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य प्रमंडल बक्सर, जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना एवं लेखा) बक्सर तथा अंचलाधिकारी इटाढ़ी उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव और कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर भी सुनवाई में शामिल हुए।

