सिविल न्यायालयों में परिचर-चपरासी भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा 15 मार्च को, 16 केन्द्रों पर 8444 अभ्यर्थी होंगे शामिल

सिविल न्यायालयों में परिचर-चपरासी (सामान्य $ आदेशपाल) पद पर नियुक्ति हेतु विज्ञापन संख्या 04/2022 के अंतर्गत आयोजित होने वाली प्रारंभिक परीक्षा को स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी साहिला तथा पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से बैठक कर विस्तृत ब्रीफिंग दी।

सिविल न्यायालयों में परिचर-चपरासी भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा 15 मार्च को, 16 केन्द्रों पर 8444 अभ्यर्थी होंगे शामिल

-- डीएम-एसपी ने दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को दी ब्रीफिंग, कदाचारमुक्त व शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर 

सिविल न्यायालयों में परिचर-चपरासी (सामान्य $ आदेशपाल) पद पर नियुक्ति हेतु विज्ञापन संख्या 04/2022 के अंतर्गत आयोजित होने वाली प्रारंभिक परीक्षा को स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी साहिला तथा पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से बैठक कर विस्तृत ब्रीफिंग दी।बैठक में अधिकारियों को परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा कदाचार की किसी भी संभावना को समाप्त करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

-- दो पालियों में होगी परीक्षा

जिला प्रशासन के अनुसार 15 मार्च 2026 को यह प्रारंभिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगी। बक्सर जिले में कुल 16 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जहां कुल 8444 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रत्येक केन्द्र पर एक स्थायी दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनके साथ पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहेंगे। दंडाधिकारी परीक्षा केन्द्रों पर लगातार भ्रमण करते हुए यह सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न हो। सभी स्थायी दंडाधिकारी को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पूर्व अपने-अपने केन्द्रों पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।

-- अभ्यर्थियों की कड़ी जांच के बाद ही प्रवेश

परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश से पूर्व सभी अभ्यर्थियों की सघन शारीरिक जांच कराई जाएगी। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि अभ्यर्थियों के पास किसी भी प्रकार की लिखित सामग्री, प्रवेश पत्र पर कोई अतिरिक्त लेखन, सादा कागज, क्लिप बोर्ड, गणना यंत्र, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ उपकरण, डिजिटल डायरी, पॉकेट कंप्यूटर अथवा कोई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण न हो।जांच प्रक्रिया के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी अनिवार्य रहेगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस कर्मियों द्वारा की जाएगी। इसके अतिरिक्त धातु जांच उपकरणों का भी उपयोग किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित सामग्री परीक्षा कक्ष तक न पहुंच सके।

-- निरीक्षकों की तैनाती यादृच्छिक तरीके से

प्रशासन ने निर्देश दिया है कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र में कक्षवार निरीक्षकों की तैनाती केन्द्राधीक्षक द्वारा यादृच्छिक तरीके से की जाएगी। यह प्रक्रिया स्थायी दंडाधिकारी की उपस्थिति में होगी, जिससे परीक्षा संचालन में पारदर्शिता बनी रहे।परीक्षा केन्द्रों के भीतर अभ्यर्थियों के पास बैग, मोबाइल फोन, पर्स, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, किसी भी प्रकार की घड़ी, स्मार्ट घड़ी, गणना यंत्र या पेजर जैसी प्रतिबंधित सामग्री पाए जाने पर संबंधित निरीक्षक, केन्द्राधीक्षक तथा तैनात दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी के विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

-- केन्द्रों पर निगरानी और नियंत्रण कक्ष सक्रिय

परीक्षा केन्द्रों पर निगरानी को मजबूत बनाने के लिए केन्द्राधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि केन्द्र के बाहर तथा आवश्यक स्थानों पर सूचना पट्ट लगाकर यह प्रदर्शित किया जाए कि परिसर में निगरानी कैमरों की निगरानी जारी है।परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा शाखा भवन में स्थापित किया गया है। इस नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06183-223333 है। नियंत्रण कक्ष की जिम्मेदारी सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग निखिल कुमार को सौंपी गई है।

-- रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर भी तैनात रहेंगे अधिकारी

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और मार्गदर्शन के लिए बक्सर रेलवे स्टेशन तथा बस अड्डे पर भी दंडाधिकारी और अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इससे बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र तक पहुंचने में सहायता मिलेगी।इसके साथ ही होटल, लॉज और अन्य ठहरने के स्थानों पर भी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की फर्जी अभ्यर्थी व्यवस्था या प्रतिरूपण की घटना को रोका जा सके। इस कार्य की निगरानी संबंधित थाना प्रभारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी करेंगे।

-- यातायात, बिजली और स्वास्थ्य व्यवस्था के भी निर्देश

परीक्षा के दिन शहर में यातायात सुचारू रूप से संचालित हो, इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और यातायात पुलिस को आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है, ताकि कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।इसके अतिरिक्त अग्निशमन विभाग को निर्देश दिया गया है कि एक अग्निशमन वाहन बक्सर मॉडल थाना तथा डुमरांव थाना में तैयार स्थिति में रखा जाए। विद्युत विभाग को भी निर्देशित किया गया है कि परीक्षा के दौरान बक्सर और डुमरांव के परीक्षा केन्द्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

-- परीक्षा केन्द्रों के आसपास लागू रहेगा प्रतिबंध

परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई लागू रहेगी। इस दौरान अभ्यर्थियों के अभिभावकों तथा अन्य बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। मीडिया कर्मियों के लिए भी यही व्यवस्था लागू रहेगी।साथ ही परीक्षा केन्द्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट दुकानों को परीक्षा समाप्त होने तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है।

-- एम्बुलेंस और चिकित्सक दल रहेंगे तैनात

स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया है कि जिला नियंत्रण कक्ष, सदर अस्पताल बक्सर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र डुमरांव में एक-एक एम्बुलेंस तथा चिकित्सक दल जीवनरक्षक दवाओं के साथ तैयार अवस्था में रखा जाए।परीक्षा के सफल संचालन के लिए कुल 22 स्थायी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल के साथ-साथ 16 प्रश्नपत्र वितरण सह गश्ती दलों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।