सामाजिक विज्ञान की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, एक भी परीक्षार्थी निष्कासित नहीं
वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 के तहत सोमवार को आयोजित सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा जिले के सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त आधिकारिक सूचना के अनुसार प्रथम पाली में सामाजिक विज्ञान विषय के लिए कुल 13,137 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 12,998 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 139 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस पाली में किसी भी परीक्षार्थी को निष्कासित नहीं किया गया।
केटी न्यूज/बक्सर
वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 के तहत सोमवार को आयोजित सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा जिले के सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त आधिकारिक सूचना के अनुसार प्रथम पाली में सामाजिक विज्ञान विषय के लिए कुल 13,137 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 12,998 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 139 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस पाली में किसी भी परीक्षार्थी को निष्कासित नहीं किया गया।इसी प्रकार द्वितीय पाली में सामाजिक विज्ञान विषय के लिए कुल 11,974 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।

इनमें से 11,822 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 152 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में भी कदाचार के किसी मामले की पुष्टि नहीं हुई तथा निष्कासन की संख्या शून्य रही।जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी। साथ ही उड़नदस्ता दल द्वारा विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जिला नियंत्रण कक्ष लगातार सक्रिय रहा और सभी केंद्रों से पल-पल की जानकारी प्राप्त करता रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या बाधा की सूचना नहीं मिली। परीक्षार्थियों ने भी शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा दी।जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आगामी परीक्षाओं को लेकर भी इसी प्रकार की सख्ती एवं सतर्कता बरती जाएगी, ताकि परीक्षा की गरिमा अक्षुण्ण रहे। प्रशासन ने अभिभावकों एवं आमजन से भी सहयोग बनाए रखने की अपील की है, जिससे शेष परीक्षाएं भी सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।

