मुख्यमंत्री ने किया सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय का ऑनलाइन शुभारंभ
प्रखंड मुख्यालय स्थित प्लस टू हाई स्कूल केसठ परिसर में संचालित सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय का रविवार को बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऑनलाइन शुभारंभ किया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष विद्या भारती एवं प्रबंधकारिणी समिति की सदस्य रीता देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

--मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल 40 विद्यार्थियों का नामांकन, नियमित पढ़ाई शुरू
केटी न्यूज/केसठ।
प्रखंड मुख्यालय स्थित प्लस टू हाई स्कूल केसठ परिसर में संचालित सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय का रविवार को बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऑनलाइन शुभारंभ किया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष विद्या भारती एवं प्रबंधकारिणी समिति की सदस्य रीता देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों का गुलदस्ता एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष विद्या भारती ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है।गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने विद्यालय के शुभारंभ को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका भावना कुमारी ने बताया कि मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल 40 छात्र-छात्राओं का नामांकन विद्यालय में किया गया है और उनकी नियमित पढ़ाई भी प्रारंभ हो चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा निर्धारित सभी शैक्षणिक सुविधाएं एवं अन्य आवश्यक लाभ विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि उन्हें बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय की शुरुआत को क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। मौके पर उमेश कुमार, विपुल चौबे, रंजु कुमारी, मुहम्मद मुमताज सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

