‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान के तहत प्रतियोगिता आयोजित, नौ प्रतिभागियों का जिला स्तर के लिए चयन
प्रखंड संसाधन केंद्र केसठ के प्रांगण में मंगलवार को सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मेरे सपनों का भारत’ सेवा चित्र अभियान के तहत प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश राम ने किया।

केटी न्यूज/केसठ।
प्रखंड संसाधन केंद्र केसठ के प्रांगण में मंगलवार को सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मेरे सपनों का भारत’ सेवा चित्र अभियान के तहत प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश राम ने किया।प्रतियोगिता में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न संकुलों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में चित्रकला और भाषण विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल नौ छात्र-छात्राओं का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।

चित्रकला के वर्ग 1 से 5 में मध्य विद्यालय खरवनिया की मधु कुमारी ने प्रथम, मध्य विद्यालय महादेवगंज की काजल कुमारी ने द्वितीय तथा मध्य विद्यालय रघुनाथपुर की राखी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं वर्ग 6 से 8 में अनुसूचित जाति मध्य विद्यालय केसठ के अनुज कुमार प्रथम, उसी विद्यालय की प्रिया कुमारी द्वितीय तथा मध्य विद्यालय केसठ की सौम्या कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।भाषण प्रतियोगिता के वर्ग 9 से 12 में प्लस टू उच्च विद्यालय कतिकनार की बेबी कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्लस टू उच्च विद्यालय रघुनाथपुर की रिंचा कुमारी द्वितीय तथा प्रगति तिवारी तृतीय स्थान पर रहीं।चयनित सभी प्रतिभागी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में केसठ प्रखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान शिक्षकों एवं आयोजकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

