'सेवा, संकल्प और समर्पण' के 100 दिन: शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान पर बक्सर के छह शिक्षक हुए सम्मानित

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार के 'सेवा, संकल्प और समर्पण' के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विशेष सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले बक्सर जिले के छह शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

'सेवा, संकल्प और समर्पण' के 100 दिन: शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान पर बक्सर के छह शिक्षक हुए सम्मानित

__ बेहतर कक्षा संचालन, नवाचार और समावेशी शिक्षा में उल्लेखनीय कार्य के लिए जिला प्रशासन ने किया सम्मानित

केटी न्यूज/बक्सर

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार के 'सेवा, संकल्प और समर्पण' के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विशेष सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले बक्सर जिले के छह शिक्षकों को सम्मानित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों के सम्मान के क्रम में इन शिक्षकों को उनके नवाचारी शिक्षण, गुणवत्तापूर्ण कक्षा संचालन और समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।सम्मानित होने वाले शिक्षकों में राज प्लस टू उच्च विद्यालय, डुमरांव के हिंदी शिक्षक विमल कुमार सिंह, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, बिझौरा के शिक्षक राजेश राय, +2 उच्च विद्यालय, कठार के कंप्यूटर शिक्षक रवि प्रकाश, उर्दू प्राथमिक विद्यालय, खीरी के प्रधान शिक्षक धनंजय मिश्रा, मध्य विद्यालय, धनहा की शिक्षिका सुगंधा कुमारी तथा मध्य विद्यालय, ब्रह्मपुर की शिक्षिका नूपुर शामिल हैं।

जिला प्रशासन ने इन शिक्षकों को विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने, प्रभावी एवं नवाचारी शिक्षण पद्धतियों को अपनाने, समावेशी शिक्षा के मानकों के अनुरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा गैर-शैक्षणिक दायित्वों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन करने के लिए सम्मानित किया।समारोह में जिला पदाधिकारी साहिला, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि तथा पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने शिक्षकों को सम्मान पत्र प्रदान करते हुए कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके समर्पण और नवाचार से शिक्षा व्यवस्था मजबूत होती है तथा विद्यार्थियों का भविष्य बेहतर बनता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सम्मानित शिक्षक आगे भी अपनी कार्यशैली से अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे।

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अनन्या, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रजनीश झा, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सुरेश प्रसाद, एपीओ रामभजन, डायट डुमरांव के प्राचार्य मनीष कुमार पांडेय, व्याख्याता नवनीत कुमार सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, समाजसेवी एवं शिक्षा जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर उत्कृष्ट कार्य की शुभकामनाएं दीं।