बच्चों की कल्पना में दिखा स्वच्छ चौसा, रंगों ने दिया साफ-सफाई का संदेश

स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ और बेहतर समाज की बुनियाद है। इसी संदेश को बच्चों की कल्पनाशीलता से जोड़ते हुए शनिवार को नगर पंचायत चौसा क्षेत्र के दो विद्यालयों में पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत सुविधा इंटरनेशनल के तत्वावधान में चौसा बालिका मध्य विद्यालय और राजकीय बुनियादी विद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में कुल 60 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बच्चों की कल्पना में दिखा स्वच्छ चौसा, रंगों ने दिया साफ-सफाई का संदेश

__ पेंटिंग प्रतियोगिता में 60 विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता, छह छात्राओं को मोमेंटो व मेडल से किया गया सम्मानित

केटी न्यूज/बक्सर।

स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ और बेहतर समाज की बुनियाद है। इसी संदेश को बच्चों की कल्पनाशीलता से जोड़ते हुए शनिवार को नगर पंचायत चौसा क्षेत्र के दो विद्यालयों में पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत सुविधा इंटरनेशनल के तत्वावधान में चौसा बालिका मध्य विद्यालय और राजकीय बुनियादी विद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में कुल 60 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कागज पर रंगों के जरिए स्वच्छता के अलग-अलग आयामों को उकेरा। किसी चित्र में स्वच्छ विद्यालय और साफ-सुथरी सड़क दिखाई दी तो किसी ने कूड़ा प्रबंधन, स्वस्थ वातावरण और स्वच्छ समाज की कल्पना को रंगों के माध्यम से सामने रखा।

बच्चों की रचनात्मकता और उत्साह ने विद्यालय परिसर में प्रतियोगिता को जीवंत बना दिया।कार्यक्रम का उद्देश्य महज चित्रकला प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि बच्चों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश घर-घर तक पहुंचाना था। आयोजकों का मानना है कि बचपन में स्वच्छता की आदत विकसित होने से उसका प्रभाव परिवार और समाज तक पहुंचता है।नगर पंचायत के स्वच्छता पदाधिकारी अरसद हैदर नकवी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर क्षेत्र में स्वच्छता पखवारा चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही नगर को साफ-सुथरा और बेहतर वातावरण देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता में बच्चों और युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

प्रतियोगिता के बाद दोनों विद्यालयों से बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का चयन किया गया। चौसा बालिका मध्य विद्यालय से शालू कुमारी, खुशी कुमारी और संध्या कुमारी तथा राजकीय बुनियादी विद्यालय से रोहणी कुमारी, दुर्गा कुमारी और सलोनी कुमारी को चयनित किया गया। सभी चयनित छात्राओं को मोमेंटो और मेडल देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक लालजी राम, सुविधा के निदेशक प्रांजल, कुणाल उपाध्याय, दीपक सिंह, प्रबंधक शुभम श्रीवास्तव, टीम लीडर अतुल मिश्रा और शुभम भट्ट सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं व अभियान से जुड़े कर्मी मौजूद रहे।