राज्य स्तरीय टीएलएम मेले में बक्सर के शिक्षकों का शानदार प्रदर्शन

राज्य स्तरीय टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मैटेरियल) मेले में बक्सर जिले के शिक्षकों ने अपने नवाचारी शिक्षण सामग्री और प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से जिले का नाम रोशन किया है। मेले में जिले के दो शिक्षकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सम्मान प्राप्त किया, जिससे शिक्षा जगत में खुशी की लहर है।

राज्य स्तरीय टीएलएम मेले में बक्सर के शिक्षकों का शानदार प्रदर्शन

__ उर्दू शिक्षक मोहम्मद मुमताज अली को तृतीय स्थान, श्वेता पांडे को अंग्रेजी विषय में सांत्वना पुरस्कार

केटी न्यूज/डुमरांव:

राज्य स्तरीय टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मैटेरियल) मेले में बक्सर जिले के शिक्षकों ने अपने नवाचारी शिक्षण सामग्री और प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से जिले का नाम रोशन किया है। मेले में जिले के दो शिक्षकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सम्मान प्राप्त किया, जिससे शिक्षा जगत में खुशी की लहर है।उर्दू मध्य विद्यालय नवानगर के शिक्षक मोहम्मद मुमताज अली ने उर्दू विषय के अंतर्गत अपनी नवाचारी टीएलएम प्रस्तुति के जरिए निर्णायकों को प्रभावित करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया। उनकी प्रस्तुति में शिक्षण को सरल, रोचक और प्रभावी बनाने के लिए तैयार किए गए शिक्षण उपकरणों की सराहना की गई।

उनकी इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ा है।वहीं दूसरी ओर, श्वेता पांडे ने अंग्रेजी विषय में अपने शिक्षण मॉडल और प्रस्तुति के माध्यम से सराहनीय प्रदर्शन किया। उनके प्रयासों को देखते हुए निर्णायक मंडल ने उन्हें सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया। शिक्षण को अधिक व्यवहारिक और विद्यार्थियों के लिए सहज बनाने की उनकी पहल को भी खूब सराहा गया।राज्य स्तर पर आयोजित इस मेले में विभिन्न जिलों के शिक्षकों ने अपनी-अपनी नवाचारी शिक्षण सामग्री और शिक्षण पद्धति का प्रदर्शन किया। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य शिक्षकों के बीच नवाचार को बढ़ावा देना और विद्यार्थियों के लिए शिक्षा को अधिक प्रभावी व रोचक बनाना है।

बक्सर जिले के शिक्षकों की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि यहां के शिक्षक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नवाचार के क्षेत्र में भी निरंतर बेहतर कार्य कर रहे हैं। उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम ही है कि जिले को राज्य स्तर पर पहचान मिल रही है।जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग, बक्सर ने दोनों शिक्षकों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जिले के शिक्षक इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेंगे।