सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, डीएम ने केंद्रों का किया निरीक्षण

विज्ञापन संख्या 87/2025 के तहत आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा शनिवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल आयोजन तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी साहिला ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, डीएम ने केंद्रों का किया निरीक्षण

__ 9060 में 3399 परीक्षार्थी हुए शामिल, कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन को अधिकारियों को दिए निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर:

विज्ञापन संख्या 87/2025 के तहत आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा शनिवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल आयोजन तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी साहिला ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिला दंडाधिकारी ने प्लस टू राज हाई स्कूल डुमरांव परीक्षा केंद्र पहुंचकर परीक्षा संचालन की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र पर तैनात दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक तथा वीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को परीक्षा केंद्र परिसर एवं आसपास लगातार भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी, भीड़भाड़ अथवा कदाचार की संभावना को समय रहते रोका जा सके। साथ ही परीक्षार्थियों को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचना के अनुसार प्रथम पाली में सामान्य योग्यता विषय की परीक्षा आयोजित की गई। इसमें कुल 9060 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 3399 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 5661 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। राहत की बात यह रही कि किसी भी परीक्षा केंद्र से निष्कासन की सूचना प्राप्त नहीं हुई। निष्कासित परीक्षार्थियों की संख्या शून्य रही।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस बल की तैनाती रही, वहीं प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही अंदर प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप बैठने, पेयजल तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई थी।जिला नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा समाप्ति के बाद परीक्षार्थी व्यवस्थित ढंग से केंद्रों से बाहर निकले। प्रशासन ने सफल परीक्षा आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों, कर्मियों एवं केंद्राधीक्षकों के सहयोग की सराहना की है।