बाल श्रम के खिलाफ बुलंद हुई विद्यार्थियों की आवाज, जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता संपन्न
बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों में सामाजिक सरोकार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से श्रम संसाधन विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्रों ने बाल श्रम के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।

__ डुमरांव के कनिष्क बने जिला विजेता, अब प्रमंडल स्तर पर करेंगे बक्सर का प्रतिनिधित्व
केटी न्यूज/बक्सर
बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों में सामाजिक सरोकार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से श्रम संसाधन विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्रों ने बाल श्रम के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में बच्चों ने बाल श्रम को सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक दृष्टिकोण से गंभीर चुनौती बताते हुए इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।विभागीय निर्देश के आलोक में गुरुवार को श्रम अधीक्षक कार्यालय, बक्सर स्थित संयुक्त श्रम भवन (आईटीआई परिसर) में कक्षा 10 से 12 तक के विद्यार्थियों के बीच “वर्तमान संदर्भ में बाल श्रम का मुद्दा” विषय पर जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने तर्कों के माध्यम से बाल श्रम की समस्या तथा उसके समाधान पर प्रकाश डाला।प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल का गठन किया गया था। इसमें श्रम अधीक्षक संजय कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी विशाल कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सौम्या सिन्हा, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी त्रिलाकी नाथ पांडेय तथा शिक्षक डॉ. मनीष कुमार शशि शामिल थे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की विषय-वस्तु, प्रस्तुति शैली, तर्क क्षमता और अभिव्यक्ति के आधार पर विजेताओं का चयन किया।प्रतियोगिता में डुमरांव स्थित सीपीएसएस के कक्षा 12 के छात्र कनिष्क ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिला विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

वहीं कस्तूरबा उच्च विद्यालय, दुल्हपुर की छात्रा अक्षरा कुमारी द्वितीय तथा आदर्श हाई स्कूल, चौसा के छात्र साजिद शेख तृतीय स्थान पर रहे।श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब प्रमंडल स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके बाद सभी प्रमंडलों के विजेताओं के बीच 12 जून को पटना स्थित दशरथ मांझी श्रम नियोजन एवं अध्ययन संस्थान में राज्य स्तरीय अंतिम प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि बक्सर के विद्यार्थी आगामी चरणों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।

