विश्व पर्यावरण दिवस पर डुमरांव में चला हरित अभियान, 11 पौधे रोपे गए
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डुमरांव स्थित महाजनी मध्य विद्यालय, छठिया पोखरा परिसर में शुक्रवार को व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित ग्रीन एंबेसडर (बिहार) एवं तरुमित्र उमेश गुप्ता रौनियार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान विद्यालय परिसर में 11 पौधे लगाए गए तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।


__ हर घर तुलसी अभियान के तहत पौधों का वितरण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
केटी न्यूज/डुमरांव
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डुमरांव स्थित महाजनी मध्य विद्यालय, छठिया पोखरा परिसर में शुक्रवार को व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित ग्रीन एंबेसडर (बिहार) एवं तरुमित्र उमेश गुप्ता रौनियार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान विद्यालय परिसर में 11 पौधे लगाए गए तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।कार्यक्रम के तहत अर्जुन, नीम, गूलर, जामुन, पत्थरचट्टा और चांदनी सहित विभिन्न प्रजातियों के औषधीय, फलदार, छायादार एवं पुष्पीय पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उमेश गुप्ता रौनियार ने कहा कि बढ़ते तापमान, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय असंतुलन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि मानव की अनियंत्रित गतिविधियों के कारण जंगलों की कटाई, जल स्रोतों का प्रदूषण और वायु की गुणवत्ता में गिरावट जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि वृक्ष, जल और भूमि ही मानव जीवन की वास्तविक संपत्ति हैं। यदि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी सुरक्षित रहेगा। उन्होंने लोगों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान "हर घर तुलसी, घर-घर तुलसी" अभियान के तहत तुलसी के पौधों का भी वितरण किया गया। शिक्षकों और पर्यावरण प्रेमियों ने जल संरक्षण, प्लास्टिक के कम उपयोग तथा स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।इस अवसर पर शिक्षक रामजीत सिंह, विमलेश कुमार सिंह, वार्ड पार्षद भगमणि देवी, मंजू कुमारी, दया देवी, गीता देवी, राजकुमारी देवी, ऋषभ राज, सोनू राय, सद्दाम हुसैन, मनोज गुप्ता, आशीष गौतम समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और हरित वातावरण के निर्माण के लिए सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

