अटल स्मृति दिवस पर भाजपा ने किया कार्यकर्ता सम्मान, नेताओं ने गिनाए अटल जी के योगदान
भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के अवसर पर 25 दिसंबर को भारतीय जनता पार्टी, जिला बक्सर द्वारा अहिरौली स्थित जिला कार्यालय में “अटल स्मृति दिवस” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ता सम्मान समारोह भी आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा एवं एनडीए गठबंधन के कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।
केटी न्यूज/बक्सर
भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के अवसर पर 25 दिसंबर को भारतीय जनता पार्टी, जिला बक्सर द्वारा अहिरौली स्थित जिला कार्यालय में “अटल स्मृति दिवस” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ता सम्मान समारोह भी आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा एवं एनडीए गठबंधन के कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने की, जबकि मंच संचालन महामंत्री विनोद राय ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई के तैलचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। समारोह में बक्सर विधायक आनंद मिश्रा, राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला, डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह तथा ब्रह्मपुर से एनडीए प्रत्याशी रहे हुलास पांडेय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।स्वागत भाषण में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई जी के पदचिह्नों पर चलते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह मुकाम हासिल किया है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है कि बक्सर जिले की चार में से तीन विधानसभा सीटों पर एनडीए को जीत मिली है। इसके लिए उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का हृदय से अभिनंदन किया।बक्सर विधायक आनंद मिश्रा ने कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे केवल नाम के विधायक हैं, असली विधायक तो कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हर कार्यकर्ता विधायक की तरह कार्य करेगा और वे स्वयं 24 घंटे कार्यकर्ताओं के लिए उपलब्ध रहेंगे।

डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह ने अटलजी के राष्ट्र के प्रति समर्पण को रेखांकित करते हुए कहा कि उनके विचारों को आत्मसात कर ही सच्ची सेवा संभव है। वहीं राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला और हुलास पांडेय ने कहा कि कार्यकर्ता का सम्मान ही संगठन की असली ताकत है।कार्यक्रम में जदयू जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, लोजपा के अखिलेश सिंह, हम के बलिराम कुशवाहा, रालोमो के विन्धयाचल कुशवाहा सहित एनडीए के कई नेता, पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
