'मिशन प्रभाकिरण' से बक्सर में सौर क्रांति की शुरुआत, डीएम ने किया हर छत पर सोलर लगाने का आह्वान

बक्सर जिले में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर भवन में भव्य सौर मेला आयोजित किया गया। मेले में लोगों को सौर ऊर्जा के फायदे, सरकारी अनुदान और योजना से मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।

'मिशन प्रभाकिरण' से बक्सर में सौर क्रांति की शुरुआत, डीएम ने किया हर छत पर सोलर लगाने का आह्वान

__ सौर मेले में पीएम सूर्य घर योजना की दी जानकारी, 56 लोगों ने किया आवेदन; जनप्रतिनिधियों से बने 'सोलर एंबेसडर' की अपील

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर जिले में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर भवन में भव्य सौर मेला आयोजित किया गया। मेले में लोगों को सौर ऊर्जा के फायदे, सरकारी अनुदान और योजना से मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान जिले में 'मिशन प्रभाकिरण' की शुरुआत भी की गई, जिसका उद्देश्य बक्सर की अधिक से अधिक छतों पर सोलर पैनल स्थापित कर जिले को स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में अग्रणी बनाना है।कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी साहिला, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि तथा सहायक समाहर्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर विद्युत अधीक्षण अभियंता आरा, कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर, जिला अग्रणी बैंक सहित विभिन्न बैंकों के पदाधिकारी, नगर परिषद के जनप्रतिनिधि, वार्ड पार्षद, पंचायतों के मुखिया, ग्राम सरपंच तथा सोलर वेंडर्स बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना आम लोगों के लिए बिजली के बढ़ते खर्च से राहत दिलाने वाली महत्वाकांक्षी योजना है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर लोग स्वच्छ, पर्यावरण अनुकूल और प्रदूषणमुक्त बिजली का उत्पादन कर सकते हैं। इससे न केवल बिजली का बिल काफी हद तक कम या शून्य हो सकता है, बल्कि अतिरिक्त बिजली का लाभ भी भविष्य में मिल सकता है।

जिलाधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से स्वयं अपने घरों पर सोलर पैनल लगाने और अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को इस योजना के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान गांव-गांव और हर घर तक पहुंचेगा।इस दौरान जिलाधिकारी ने 'मिशन प्रभाकिरण' का शुभारंभ करते हुए जिले के प्रत्येक नागरिक से अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग इस योजना से जुड़ते हैं तो बक्सर स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा।सौर मेले में आए लोगों ने विभिन्न स्टॉलों पर विशेषज्ञों से सौर ऊर्जा संबंधी तकनीकी जानकारी प्राप्त की। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगाने के लिए 56 लोगों ने आवेदन भी दर्ज कराया, जिससे लोगों में योजना के प्रति बढ़ती रुचि साफ दिखाई दी।