महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय में क्विज़ प्रतियोगिता, छात्रों ने दिखाया ज्ञान का दम
शैक्षणिक उन्नयन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को एक क्विज़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। महाविद्यालय परिसर स्थित मानस के प्रथम तल पर आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न संकायों एवं सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
केटी न्यूज/बक्सर
शैक्षणिक उन्नयन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को एक क्विज़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। महाविद्यालय परिसर स्थित मानस के प्रथम तल पर आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न संकायों एवं सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, बौद्धिक क्षमता और प्रतियोगी भावना को विकसित करना था। पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वीक्षकों की विशेष निगरानी रही।

वीक्षक के रूप में डॉ. अरविंद कुमार वर्मा, डॉ. आलोक कुमार चतुर्वेदी, डॉ. नवीन शंकर पाठक, डॉ. प्रियरंजन चौबे, डॉ. निशांत कुमार और सुमित कुमार ने अनुशासन एवं पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा।कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) कृष्णा कान्त सिंह ने निरीक्षण करते हुए कहा कि ऐसी शैक्षणिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि महाविद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।

वहीं आयोजन से जुड़े सहायक प्राध्यापक डॉ. अरविंद वर्मा ने कहा कि क्विज़ प्रतियोगिता छात्रों के ज्ञान को परखने और बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। डॉ. प्रियरंजन ने इसे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने वाला मंच बताया, जबकि डॉ. आलोक कुमार चतुर्वेदी ने छात्रों की सक्रिय भागीदारी को कार्यक्रम की सफलता का आधार बताया।कार्यक्रम के सफल आयोजन पर महाविद्यालय परिवार ने स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग की सराहना की और प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

