बक्सर भाजपा कार्यालय पहुंचे सीएम सम्राट, कार्यकर्ताओं से मिले और रोपा रुद्राक्ष
वामन द्वादशी के पावन अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को बक्सर पहुंचे। बक्सर आगमन के बाद मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम भगवान वामन के दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री अहिरौली स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।


__ वामन द्वादशी पर भगवान वामन की पूजा-अर्चना के बाद अहिरौली पहुंचे मुख्यमंत्री, संगठन को मजबूत करने का दिया संदेश
केटी न्यूज/बक्सर।
वामन द्वादशी के पावन अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को बक्सर पहुंचे। बक्सर आगमन के बाद मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम भगवान वामन के दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री अहिरौली स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।भाजपा कार्यालय पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और उनका कुशल-क्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। मुख्यमंत्री का कार्यकर्ताओं के बीच सहज अंदाज और संवाद का सिलसिला काफी देर तक चलता रहा। उनके कार्यालय पहुंचने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे स्व. कैलाशपति मिश्र के तैलचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने स्व. मिश्र के संगठन के प्रति योगदान को याद करते हुए पार्टी की विचारधारा और संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी जोर दिया।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए भाजपा जिला कार्यालय परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपा। पौधरोपण के माध्यम से उन्होंने प्रकृति संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन ने कहा कि मुख्यमंत्री का व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद पार्टी कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मिलना और उनका कुशल-क्षेम जानना कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहवर्धक है।

उनके इस आत्मीय व्यवहार से संगठन के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने में प्रेरणादायी साबित होगा।कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला महामंत्री धनंजय त्रिगुण, विनोद राय, लक्ष्मण शर्मा, जिला उपाध्यक्ष निर्भय राय, पुनीत सिंह, रमेश गुप्ता तथा मीडिया प्रभारी उमाशंकर राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर पार्टी के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल संयोजक, विधानसभा प्रभारी, विधानसभा संयोजक सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

