गांव की चौपाल बनी विकास संवाद का मंच, पंचायत प्रतिनिधियों ने रखीं क्षेत्र की प्राथमिकताएं

प्रखंड के देवी डेहरा गांव में आयोजित काशीदास बाबा पूजा महज एक धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह कार्यक्रम ग्रामीण विकास, जनसरोकारों और पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान का महत्वपूर्ण मंच बन गया।

गांव की चौपाल बनी विकास संवाद का मंच, पंचायत प्रतिनिधियों ने रखीं क्षेत्र की प्राथमिकताएं

__ देवी डेहरा में काशीदास बाबा पूजा के अवसर पर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच हुआ सीधा संवाद

केटी न्यूज/चौसा

प्रखंड के देवी डेहरा गांव में आयोजित काशीदास बाबा पूजा महज एक धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह कार्यक्रम ग्रामीण विकास, जनसरोकारों और पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान का महत्वपूर्ण मंच बन गया। पूजा-अर्चना के अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने एकत्र होकर विकास संबंधी मुद्दों पर चर्चा की तथा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की आवश्यकता पर बल दिया।कार्यक्रम में नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) सोनू कुमार राय का ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पारंपरिक तरीके से पगड़ी पहनाकर उनका सम्मान किया गया। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया तथा इनके शीघ्र समाधान की मांग की।

अपने संबोधन में एमएलसी सोनू कुमार राय ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत गांवों और पंचायतों में बसती है। पंचायत प्रतिनिधि सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए उनकी समस्याओं और सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को विधान परिषद तथा सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों की गति तेज करने और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। साथ ही जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की समस्याओं को संगठित रूप से सामने लाने का आह्वान भी किया।

कार्यक्रम के दौरान पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। धार्मिक वातावरण और सामाजिक एकता के संदेश के बीच आयोजित इस समारोह में ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। लोगों ने इसे सामाजिक समरसता और जनभागीदारी को मजबूत करने वाला आयोजन बताया।कार्यक्रम में पूर्व विधायक हृदय नारायण सिंह, बृजबिहारी सिंह, आफताब आलम, डॉ. गौरीशंकर सिंह, पूजा कुमारी, अशोक यादव, रामनगीना सिंह, अरविंद गुप्ता, पप्पू यादव, लड्डू यादव, सियाराम राय, हरेराम सिंह, संजय सिंह, सुरेश चौहान, निर्मल सिंह, मो. मुस्तफा सहित अनेक गणमान्य लोग एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता त्रिपुरारी सिंह ने की, जबकि संचालन शिव वचन सिंह ने किया।