आकाशीय बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर जला, 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप
प्रखंड के स्थानीय गांव स्थित गौरैया बाबा स्थल के समीप लगे विद्युत ट्रांसफार्मर पर रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से उसमें खराबी आ गई, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पिछले 24 घंटे से अधिक समय से ठप है। बिजली गुल रहने से लोगों को पेयजल, पढ़ाई और दैनिक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

केटी न्यूज/केसठ।
प्रखंड के स्थानीय गांव स्थित गौरैया बाबा स्थल के समीप लगे विद्युत ट्रांसफार्मर पर रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से उसमें खराबी आ गई, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पिछले 24 घंटे से अधिक समय से ठप है। बिजली गुल रहने से लोगों को पेयजल, पढ़ाई और दैनिक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को तेज बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली ट्रांसफार्मर पर गिरी। तेज धमाके के साथ पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। मौके पर ट्रांसफार्मर में आग के निशान तथा एक बुशिंग टूटी हुई मिली। साथ ही ट्रांसफार्मर और बिजली का पोल भी जर्जर स्थिति में है।ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना बिजली विभाग को तत्काल दे दी गई थी, लेकिन सोमवार दोपहर तक विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी।

उन्होंने जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में बिजली नहीं रहने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।इस संबंध में विद्युत विभाग के कनीय अभियंता अवनीश कुमार ने बताया कि केसठ के गौरैया बाबा स्थल तथा शिवपुर में ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना मिली थी। दोनों स्थानों पर मिस्त्री भेजकर जांच कराई गई है। गौरैया बाबा स्थल के ट्रांसफार्मर में मामूली फॉल्ट मिला है, जिसे ठीक करने का कार्य जारी है। यदि मरम्मत संभव नहीं हुई तो दोनों स्थानों पर अविलंब नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

