बक्सर में नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की अपील

जदयू नेता रवि उज्जवल कुशवाहा ने बक्सर जिले में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार पर गहरी चिंता जताते हुए जिला प्रशासन और पुलिस से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि डुमरांव अनुमंडल सहित पूरे बक्सर जिले में सूखे नशे का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है, जिससे युवाओं और बच्चों का भविष्य खतरे में पड़ता जा रहा है।

बक्सर में नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की अपील

केटी न्यूज/डुमरांव

जदयू नेता रवि उज्जवल कुशवाहा ने बक्सर जिले में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार पर गहरी चिंता जताते हुए जिला प्रशासन और पुलिस से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि डुमरांव अनुमंडल सहित पूरे बक्सर जिले में सूखे नशे का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है, जिससे युवाओं और बच्चों का भविष्य खतरे में पड़ता जा रहा है।रवि उज्जवल कुशवाहा ने आरोप लगाया कि जिले के टुड़ीगंज, नौनीयापुरा, कृष्णाब्रह्म, ब्रह्मपुर बाजार सहित कई क्षेत्रों में खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है। उन्होंने कहा कि शाम होते ही नशा कारोबारियों के गुर्गे सक्रिय हो जाते हैं और विभिन्न मोहल्लों तथा बाजार क्षेत्रों में अवैध धंधे को अंजाम देते हैं।

उन्होंने कहा कि सबसे चिंताजनक बात यह है कि 12 से 14 वर्ष तक के किशोर भी इस नशे की चपेट में आ रहे हैं। कम उम्र के बच्चों को नशे की लत लगाकर उनका भविष्य बर्बाद किया जा रहा है। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाली पीढ़ी गंभीर संकट में पड़ सकती है।जदयू नेता ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इससे अपराध, चोरी, हिंसा और सामाजिक विघटन जैसी समस्याएं भी बढ़ती हैं। इसलिए नशे के खिलाफ समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।

उन्होंने आम नागरिकों, अभिभावकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने आसपास हो रही ऐसी गतिविधियों की जानकारी प्रशासन को दें और युवाओं को जागरूक करें। साथ ही उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए जनजागरण अभियान चलाने की भी जरूरत है।रवि उज्जवल कुशवाहा ने बक्सर पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जाए, नशा तस्करों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए तथा अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।