बक्सर में स्वच्छता पर डीएम का बड़ा एक्शन, नगर निकायों में चला विशेष अभियान

जिले को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी साहिला के निर्देश पर सोमवार को बक्सर जिला अंतर्गत सभी नगर निकायों में व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शुरू किए गए इस विशेष अभियान में सार्वजनिक और व्यक्तिगत स्वच्छता, ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन, खुले में कचरा फेंकने पर रोक तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को बंद कराने पर विशेष जोर दिया गया।

बक्सर में स्वच्छता पर डीएम का बड़ा एक्शन, नगर निकायों में चला विशेष अभियान

__ सिंगल यूज प्लास्टिक, खुले में कचरा फेंकने और गंदगी पर सख्ती के निर्देश, रोजाना रिपोर्ट देने का आदेश

केटी न्यूज/बक्सर

जिले को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी साहिला के निर्देश पर सोमवार को बक्सर जिला अंतर्गत सभी नगर निकायों में व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शुरू किए गए इस विशेष अभियान में सार्वजनिक और व्यक्तिगत स्वच्छता, ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन, खुले में कचरा फेंकने पर रोक तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को बंद कराने पर विशेष जोर दिया गया।जिलाधिकारी के सख्त निर्देश के बाद प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय नजर आया। जिले के विभिन्न वार्डों में वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर उन्हें अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई। अधिकारियों ने अपने आवंटित वार्डों में पहुंचकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।

साथ ही घरों और दुकानों के आसपास कचरा जमा नहीं करने, नालियों को साफ रखने तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की जानकारी दी गई।अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खुले में कचरा फेंकना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क, नाली, सार्वजनिक स्थल और बाजार क्षेत्रों में गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। वहीं सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बताते हुए दुकानदारों, ठेला चालकों और आम नागरिकों से कपड़े या जूट के थैलों का उपयोग करने की अपील की गई।डीएम ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने आवंटित वार्डों में लगातार निरीक्षण करें और जागरूकता अभियान नियमित रूप से चलाएं। साथ ही प्रतिदिन जांच प्रतिवेदन तैयार कर निरीक्षण एवं अनुपालन कोषांग, बक्सर को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। प्रशासनिक स्तर पर इस अभियान की मॉनिटरिंग भी की जाएगी ताकि स्वच्छता अभियान सिर्फ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर उसका असर दिखाई दे।

जिले के सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को भी विशेष जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि स्वच्छता अभियान और सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को लेकर ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से लगातार प्रचार-प्रसार कराया जाए। मोहल्लों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर माइकिंग कर लोगों को जागरूक करने का आदेश दिया गया है।वहीं अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर और डुमरांव को इस पूरे अभियान की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि अभियान की नियमित समीक्षा करें और जरूरत पड़ने पर सख्त कदम उठाएं।प्रशासन की इस मुहिम से साफ है कि बक्सर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में अब गंभीर पहल शुरू हो चुकी है। यदि नागरिक भी प्रशासन का साथ दें, तो आने वाले दिनों में शहर और कस्बों की तस्वीर बदल सकती है।