बक्सर में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान को लगा शिविर, 54 आवेदन प्राप्त

विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर अंतर्गत विभिन्न कार्यालयों में सोमवार को सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम “सबका सम्मान-जीवन आसान” के तहत उपभोक्ताओं की शिकायतों के निवारण के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे बिजली उपभोक्ताओं ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए, जिनमें बिल त्रुटि, नया कनेक्शन, मीटर खराबी, लाइन समस्या तथा अन्य शिकायतें प्रमुख रहीं।

बक्सर में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान को लगा शिविर, 54 आवेदन प्राप्त

__ 17 मामलों का त्वरित निष्पादन, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत 18 नए आवेदन मिले, 29 अप्रैल को दुर्गा टाकिज के पास लगेगा अगला कैंप

केटी न्यूज/बक्सर

विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर अंतर्गत विभिन्न कार्यालयों में सोमवार को सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम “सबका सम्मान-जीवन आसान” के तहत उपभोक्ताओं की शिकायतों के निवारण के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे बिजली उपभोक्ताओं ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए, जिनमें बिल त्रुटि, नया कनेक्शन, मीटर खराबी, लाइन समस्या तथा अन्य शिकायतें प्रमुख रहीं।विभागीय अधिकारियों के अनुसार विभिन्न शिविरों में कुल 54 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 17 आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निष्पादन कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित शाखाओं को भेजते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया।शिविर में पहुंचे लोगों ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कार्यालयों के चक्कर लगाने से बेहतर है कि एक ही स्थान पर समस्याओं का समाधान हो रहा है।

कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि विभाग उपभोक्ताओं की सुविधा को प्राथमिकता दे रहा है। शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का शीघ्र निपटारा किया जा रहा है, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को लगाए जा रहे शिविरों में पहुंचकर अपनी शिकायतों का निष्पादन कराएं।इसी क्रम में सोमवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत नए आवेदन प्राप्त करने तथा ऋण निस्तारण के लिए मुनीब चौक के पास विशेष कैंप लगाया गया।कैंप में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लोगों को योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत घरों की छत पर सोलर पैनल लगाकर बिजली खर्च में कमी लाई जा सकती है, साथ ही पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सकता है।

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना शिविर में 18 नए आवेदन प्राप्त हुए, जबकि सैकड़ों लोगों ने योजना के लाभ, अनुदान, ऋण सुविधा और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। वहीं दो लाभुकों के ऋण का निस्तारण भी मौके पर किया गया।इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता सूर्य प्रकाश सिंह, सहायक विद्युत अभियंता राम लखन राम, अग्रणी जिला प्रबंधक बक्सर तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में योजना से जुड़ने और सोलर पैनल लगाकर बिजली बचत की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की।कार्यपालक अभियंता ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का अगला विशेष कैंप 29 अप्रैल को दुर्गा टाकिज के पास आयोजित किया जाएगा, जहां नए आवेदन लेने के साथ ऋण संबंधित मामलों का भी निपटारा किया जाएगा।