दो महीने से बंद आधार केंद्र, जरूरी कामकाज ठप होने से चक्की के लोग परेशान

चक्की प्रखंड क्षेत्र में आधार सेवा केंद्र पिछले करीब दो महीनों से बंद पड़ा है, जिससे आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। आधार कार्ड बनवाने, मोबाइल नंबर अपडेट कराने, पता सुधारने और अन्य जरूरी संशोधन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग प्रखंड मुख्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन केंद्र बंद रहने के कारण उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।

दो महीने से बंद आधार केंद्र, जरूरी कामकाज ठप होने से चक्की के लोग परेशान

केटी न्यूज/चक्की।

चक्की प्रखंड क्षेत्र में आधार सेवा केंद्र पिछले करीब दो महीनों से बंद पड़ा है, जिससे आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। आधार कार्ड बनवाने, मोबाइल नंबर अपडेट कराने, पता सुधारने और अन्य जरूरी संशोधन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग प्रखंड मुख्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन केंद्र बंद रहने के कारण उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।आधार सेवा ठप रहने का सीधा असर लोगों के जरूरी कामकाज पर पड़ रहा है। बैंक खाता खुलवाने, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, पेंशन योजना, छात्रवृत्ति और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आधार की अनिवार्यता होने से कई कार्य लंबित हो गए हैं। ग्रामीण रामबाबू यादव ने बताया कि कई दिनों से आधार अपडेट कराने आ रहे हैं, लेकिन हर बार केंद्र बंद मिलता है।

वहीं सीमा देवी ने कहा कि परिवार के जरूरी दस्तावेज आधार से जुड़े होने के कारण काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।सबसे ज्यादा दिक्कत छात्रों और बुजुर्गों को हो रही है। छात्रों को छात्रवृत्ति, नामांकन और परीक्षा फॉर्म भरने में आधार की जरूरत पड़ रही है, जबकि बुजुर्गों को पेंशन एवं अन्य योजनाओं के लिए आधार अपडेट कराना आवश्यक है। दूर-दराज गांवों से आने वाले लोगों को किराया खर्च कर लौटना पड़ रहा है।प्रखंड कार्यालय से जुड़े कर्मियों ने बताया कि तकनीकी समस्या और ऑपरेटरों की कमी के कारण सेवा प्रभावित है। हालांकि, जल्द व्यवस्था बहाल करने की कोशिश की जा रही है। इधर, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आधार केंद्र को शीघ्र चालू कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।