बक्सर में पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़, डीएम ने की समीक्षा बैठक
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में मंगलवार को पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ और ईंधन आपूर्ति की स्थिति को लेकर वीडियो संवाद के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल लेने के लिए उमड़ रही भीड़ तथा कुछ पंपों के बंद होने की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

__ वीडियो बैठक में आपूर्ति व्यवस्था पर मंथन, प्रशासन ने कहा—रात तक हालात होंगे सामान्य
केटी न्यूज/बक्सर
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में मंगलवार को पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ और ईंधन आपूर्ति की स्थिति को लेकर वीडियो संवाद के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल लेने के लिए उमड़ रही भीड़ तथा कुछ पंपों के बंद होने की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में बताया गया कि भारत पेट्रोलियम निगम लिमिटेड के अंतर्गत संचालित 24 पेट्रोल पंपों में से 10 पंप बंद हैं। वहीं इंडियन ऑयल निगम लिमिटेड के 31 में से 8 पेट्रोल पंप बंद पाए गए। इसके अलावा हिंदुस्तान पेट्रोलियम निगम लिमिटेड के 15 में से 2 पेट्रोल पंप फिलहाल बंद हैं। अधिकारियों ने बताया कि कई स्थानों पर अत्यधिक भीड़, सीमित भंडार और आपूर्ति बाधित होने के कारण अस्थायी रूप से पंपों का संचालन प्रभावित हुआ है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जहां-जहां पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा सुरक्षा बल की मांग की गई है, वहां तत्काल पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है, ताकि ईंधन वितरण सुचारु और शांतिपूर्ण ढंग से कराया जा सके। प्रशासन की प्राथमिकता है कि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और व्यवस्था बनी रहे।अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर ने स्वयं इटाढ़ी रोड स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और वितरण व्यवस्था को सामान्य कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने कतारबद्ध तरीके से वाहन चालकों को ईंधन उपलब्ध कराने तथा भीड़ नियंत्रित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मौजूद क्षेत्रीय अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मंगलवार रात तक स्थिति सामान्य होने की पूरी संभावना है और इसके बाद ईंधन आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहेगी।जिला प्रशासन ने बक्सरवासियों से अपील की है कि वे घबराहट में अनावश्यक भीड़ न लगाएं। पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उच्च स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों से संयम बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।बैठक में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के क्षेत्रीय अधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव व बक्सर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उपस्थित रहे।

