शिविर में पहुंची डीएम, योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी

चौगाईं प्रखंड के नचाप पंचायत स्थित मनपा खेल मैदान में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में प्रशासन ने गांव की चौखट पर पहुंचकर सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं की जमीनी स्थिति परखी। शिविर में विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाकर ग्रामीणों से आवेदन और शिकायतें प्राप्त की गईं।

शिविर में पहुंची डीएम, योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी

__ आवास से लेकर पेंशन और स्वास्थ्य सेवाओं तक शिकायतों की हुई पड़ताल, अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश

केटी न्यूज/चौगाईं।

चौगाईं प्रखंड के नचाप पंचायत स्थित मनपा खेल मैदान में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में प्रशासन ने गांव की चौखट पर पहुंचकर सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं की जमीनी स्थिति परखी। शिविर में विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाकर ग्रामीणों से आवेदन और शिकायतें प्राप्त की गईं। जिलाधिकारी साहिला ने स्वयं सभी काउंटरों का निरीक्षण कर अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों और उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली।शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, सहकारिता, आपूर्ति, श्रम, चिकित्सा, शिक्षा, विद्युत, जीविका, कल्याण, मनरेगा, कृषि, सांख्यिकी और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की ओर से काउंटर लगाए गए थे।

डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बुजुर्गों को पेंशन योजना का लाभ दिलाने में अनावश्यक देरी नहीं हो। आवास योजना में पारदर्शिता बरतने, राजस्व से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने तथा गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच और बच्चों के नियमित टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा।शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के दो, राशन के एक, मनरेगा के दो और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग से जुड़े दो आवेदन प्राप्त हुए। वहीं चिकित्सा शिविर में 13 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।

मौके पर मुखिया बीर सिंह, प्रखंड प्रमुख ऋषिकांत सिंह, बीडीओ संजू कुमारी, सीओ गौतम कुमार और समाजसेवी बंशी सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। सहायक समाहर्ता फरखंडा कुरैशी, वरीय उप समाहर्ता रवि बहादुर, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मितेंद्र कुमार सिंह, डीपीओ सुरेश प्रसाद समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भी शिविर में भाग लिया।