मुफस्सिल थाने में एसपी का औचक निरीक्षण
मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को थाना पहुंचकर पुलिसिंग की जमीनी हकीकत परखी। एसपी के निरीक्षण को लेकर थाना परिसर में पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों में सक्रियता बढ़ी रही।


__लंबित कांडों पर एसपी सख्त, तेजी से निष्पादन का दिया अल्टीमेटम
__ मुफस्सिल थाने में पुलिसिंग की परखी जमीनी हकीकत, वारंट-कुर्की और गश्ती व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
केटी न्यूज/चौसा।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को थाना पहुंचकर पुलिसिंग की जमीनी हकीकत परखी। एसपी के निरीक्षण को लेकर थाना परिसर में पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों में सक्रियता बढ़ी रही। उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली से लेकर लंबित कांडों की स्थिति तक की बारीकी से समीक्षा की और अनुसंधान में सुस्ती बरतने वाले मामलों को शीघ्र निपटाने का स्पष्ट निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर, कार्यालय, हाजत सहित विभिन्न शाखाओं का जायजा लिया। इसके बाद थाने में संधारित अभिलेखों की जांच की और उनके रखरखाव की स्थिति की जानकारी ली।

उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों से थाने में दर्ज मामलों, लंबित कांडों और चल रहे अनुसंधान की प्रगति के संबंध में जानकारी ली।एसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी कांड का अनुसंधान अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान को गति देते हुए मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही लंबे समय से लंबित वारंट और कुर्की-जब्ती के मामलों में भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।अपराध नियंत्रण के मोर्चे पर एसपी ने थाना क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी गश्ती बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने संवेदनशील इलाकों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के साथ सूचना तंत्र को मजबूत करने का निर्देश दिया।

एसपी ने कहा कि अपराध पर प्रभावी अंकुश के लिए केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि समय रहते सूचना प्राप्त करना भी बेहद जरूरी है।फरियादियों के प्रति पुलिस के रवैये को लेकर भी एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने आमलोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, शिकायतों को गंभीरता से सुनने और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। पुलिसकर्मियों को कर्तव्य के प्रति सजग और संवेदनशील रहने की हिदायत देते हुए टीम भावना से काम करने पर जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान थाना के सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

