मास्टर रोल पर उठे सवाल तो जांच कमेटी का गठन, ट्रेड लाइसेंस के बिना नहीं चलेगा कारोबार
डुमरांव नगर परिषद की बोर्ड बैठक में इस बार सफाई व्यवस्था और पर्व-त्योहारों की तैयारियों के साथ-साथ कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और राजस्व वसूली का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। मास्टर रोल पर कार्यरत कर्मियों को लेकर पार्षदों ने सवाल खड़े किए तो मामले की जांच के लिए कमेटी गठित करने का आश्वासन दिया गया।

__ दुर्गापूजा से छठ तक शहर की सफाई, रोशनी और सजावट पर जोर; वार्डों की बदहाली दूर करने तथा राजस्व बढ़ाने के लिए नगर परिषद बोर्ड ने लिए कई अहम फैसले
केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव नगर परिषद की बोर्ड बैठक में इस बार सफाई व्यवस्था और पर्व-त्योहारों की तैयारियों के साथ-साथ कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और राजस्व वसूली का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। मास्टर रोल पर कार्यरत कर्मियों को लेकर पार्षदों ने सवाल खड़े किए तो मामले की जांच के लिए कमेटी गठित करने का आश्वासन दिया गया। वहीं, शहर के व्यवसायियों के लिए ट्रेड लाइसेंस अनिवार्य करने पर भी निर्णय हुआ। शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय के सभागार में कार्यकारी सभापति विकास ठाकुर की अध्यक्षता तथा ईओ राहुलधर दुबे के संचालन में हुई बैठक में पांच प्रमुख एजेंडों पर चर्चा की गई। बैठक की पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

__ मास्टर रोल के भुगतान पर उठे सवाल
बैठक के दौरान पार्षद श्याम शर्मा, अमर पासवान और निर्मला देवी ने मास्टर रोल पर कार्यरत कर्मियों की उपस्थिति और कामकाज पर सवाल उठाए। पार्षदों का आरोप था कि कई कर्मी काम किए बिना ही मानदेय उठा रहे हैं। पार्षद अमर पासवान ने सभी कर्मियों को बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की मांग की। इस पर ईओ ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित करने और गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

__ट्रेड लाइसेंस से बढ़ेगा नगर परिषद का राजस्व
शहर में व्यवसाय करने वालों के लिए ट्रेड लाइसेंस अनिवार्य करने का फैसला लिया गया। लाइसेंस शुल्क निर्धारित करने के लिए कमेटी गठित की जाएगी। इसके अलावा सरकारी जमीनों पर कटरा निर्माण तथा फुटपाथी दुकानदारों को छोटे ठेले उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर सहमति बनी। इन कदमों को शहरी व्यवस्था को व्यवस्थित करने और नगर परिषद की आय बढ़ाने से जोड़कर देखा जा रहा है।

__ छठ तक स्ट्रीट लाइट लगाने का भरोसा
दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पूजा को देखते हुए शहर में सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सजावट दुरुस्त करने पर जोर दिया गया। गोला रोड समेत विभिन्न इलाकों में खराब स्ट्रीट लाइटों का मामला उठने पर ईओ ने बताया कि लाइट लगाने की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और छठ तक लाइटें लगा दी जाएंगी।
__ जलजमाव और उपेक्षित वार्डों पर निर्देश
वार्ड संख्या 31 में जलजमाव और नाली की समस्या तथा वार्ड 35 की महादलित बस्ती में विकास कार्यों की अनदेखी का मुद्दा भी उठा। ईओ ने संबंधित जेई और कर्मियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने तथा अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश दिया। सफाई एनजीओ के भुगतान से पहले संबंधित वार्ड पार्षद से कार्य की पुष्टि कराना भी अनिवार्य किया गया।

__लापरवाही पर शोकॉज, स्कूलों में लगेंगे वाटर कूलर
बैठक में प्रोसीडिंग समय पर उपलब्ध नहीं कराने की शिकायत पर संबंधित कर्मचारी को शोकॉज जारी करने का निर्देश दिया गया। सरकारी विद्यालयों में वाटर कूलर लगाने और नल-जल योजना की निगरानी के लिए जलसाथी नियुक्त करने पर भी चर्चा हुई।बैठक में सिटी मैनेजर स्तुति सिन्हा, प्रधान सहायक दुर्गेश सिंह, पार्षद अनु कुमारी, भागमनी देवी, विजय कुमार, लक्ष्मण चौधरी समेत अन्य जनप्रतिनिधि और नगर परिषद कर्मी मौजूद रहे।

