__ नुआंव गांव के समीप हादसे से मची अफरा-तफरी, टक्कर मारने के बाद चालक वाहन समेत फरार; पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे कर रही पहचान की कोशिश
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।
पटना-बक्सर एनएच-922 पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार दोपहर नुआंव गांव के समीप एक बार फिर सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। सड़क पार कर रहे 65 वर्षीय वृद्ध को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं मृतक के परिवार में मातम पसर गया।

मृतक की पहचान नुआंव गांव निवासी तेजु यादव (65 वर्ष) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर तेजु यादव किसी काम से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान बक्सर की ओर जा रहे एक अज्ञात वाहन ने एनएच-922 की दक्षिणी लेन में उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वृद्ध सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद वाहन चालक ने रुकने की जहमत तक नहीं उठाई और मौके से फरार हो गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। अचानक हुई इस दुर्घटना से कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर कृष्णाब्रह्म थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत हुई है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए आसपास के इलाकों में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच समेत अन्य पहलुओं पर भी कार्रवाई की जाएगी।
__ सड़क पार करना बना जानलेवा

नुआंव के समीप हुई इस घटना ने एनएच-922 पर पैदल राहगीरों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के बीच सड़क पार करना ग्रामीणों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है। स्थानीय स्तर पर सुरक्षित क्रॉसिंग, गति नियंत्रण और यातायात निगरानी की जरूरत महसूस की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से राहगीरों को हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।