पास लेने की कोशिश में डीसीएम ट्रक से टकराई, चालक घायल

पटना-बक्सर एनएच-922 पर नुआंव गांव के समीप गुरुवार की सुबह पास लेने के प्रयास में सरिया लदी डीसीएम आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे में डीसीएम का चालक घायल हो गया। हालांकि, उसे मामूली चोटें आईं। टक्कर में डीसीएम के अगले हिस्से और इंजन को काफी नुकसान पहुंचा।

पास लेने की कोशिश में डीसीएम ट्रक से टकराई, चालक घायल

__ नुआंव के पास एनएच-922 पर हादसे के बाद कुछ देर प्रभावित रहा यातायात, पुलिस ने हटवाए दुर्घटनाग्रस्त वाहन

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

पटना-बक्सर एनएच-922 पर नुआंव गांव के समीप गुरुवार की सुबह पास लेने के प्रयास में सरिया लदी डीसीएम आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे में डीसीएम का चालक घायल हो गया। हालांकि, उसे मामूली चोटें आईं। टक्कर में डीसीएम के अगले हिस्से और इंजन को काफी नुकसान पहुंचा। संयोगवश दुर्घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।बताया जाता है कि ट्रक और डीसीएम दोनों बक्सर की ओर जा रहे थे। नुआंव गांव के समीप डीसीएम चालक ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक कर आगे निकलने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहनों के बीच दूरी कम होने के कारण डीसीएम ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक को चोट लगी, लेकिन उसकी स्थिति गंभीर नहीं बताई गई।

दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए एनएच-922 पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम के खड़े रहने से पीछे से आने वाले वाहनों को निकलने में परेशानी हुई और सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। हालांकि, कुछ देर बाद पुलिस की कार्रवाई से स्थिति सामान्य होने लगी।घटना की सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सड़क पर खड़े दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू कराई, ताकि आवागमन सुचारू हो सके। पुलिस द्वारा घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार एनएच पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के बीच ओवरटेक के दौरान विशेष सावधानी नहीं बरतने पर इस तरह की दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।