__ मोटरबोट से गंगा घाटों का निरीक्षण कर अधिकारियों ने चिह्नित की खामियां, दलदल और फिसलन दूर करने के लिए बालू भरी बोरियां डालने का निर्देश; व्रतियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता
केटी न्यूज/चौसा।
लोक आस्था के महापर्व छठ पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने से पहले चौसा के गंगा घाटों की बदहाल स्थिति ने नगर पंचायत प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। घाटों पर दलदल, कीचड़ और फिसलन के कारण छठ व्रतियों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। मंगलवार को नगर पंचायत प्रशासन की टीम ने मोटरबोट के सहारे महदेवा घाट से लेकर नगर क्षेत्र के सभी गंगा घाटों का जायजा लिया। निरीक्षण में चार घाटों की स्थिति खतरनाक पाई गई, जिसके बाद तत्काल मरम्मत और सफाई कराने का निर्देश दिया गया। नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) रानी कुमारी और चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. मनोज कुमार यादव ने अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ घाटों की भौतिक स्थिति का आकलन किया।

इस दौरान मल्लाहटोली घाट, पांडेय घाट, दुबे घाट और थाना घाट पर विशेष रूप से खतरे की स्थिति सामने आई। इन घाटों पर गंगा किनारे की जमीन दलदल में तब्दील है। जगह-जगह जमा कीचड़ और फिसलन के कारण श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित तरीके से घाट तक पहुंचना भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।निरीक्षण के बाद प्रशासन ने इन चारों घाटों पर प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य कराने का निर्देश दिया। दलदल और कीचड़ से निजात दिलाने के लिए बालू भरी बोरियां डालकर आवागमन का रास्ता दुरुस्त करने, फिसलन वाले स्थानों को सुरक्षित बनाने तथा घाटों की व्यापक साफ-सफाई कराने को कहा गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ से पहले सभी जरूरी इंतजाम पूरे किए जाने चाहिए, ताकि अर्घ्य देने के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका नहीं रहे।प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि छठ महापर्व में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। खतरनाक चिह्नित घाटों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और श्रद्धालुओं को भी सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जाएगा।अब देखना यह होगा कि निरीक्षण के दौरान सामने आई खामियों को प्रशासन कितनी तेजी से दूर कर पाता है। निरीक्षण में नगर पंचायत के कनीय अभियंता सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।