ओपन जेल से भागा आजीवन कारावास का सजायाफ्ता कैदी, मचा हड़कंप

ओपन जेल से भागा आजीवन कारावास का सजायाफ्ता कैदी, मचा हड़कंप

- फरार कैदी के अच्छे व्यवहार को देखते हुए ओपेन जेल में रखा था जेल प्रशासन 

केटी न्यूज/बक्सर

बुधवार को बक्सर ओपेन जेल से एक सजायाफ्ता कैदी फरार हो गया है। जब वह देर शाम तक नहीं लौटा तो जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसके बाद कारा अधीक्षक राजीव कुमार ने इसकी सूचना टाउन थाने की पुलिस व वरीय पदाधिकारियों को दी। इसकी जानकारी मिलते ही उसकी खोजबीन शुरू हो गई है। लेकिन संवाद संप्रेषण तक उसका सुराग नहीं मिल सका है। बताया जाता है कि सजायाफ्ता कैदी सतीश पांडेय उम्र 52 वर्ष पिता परमानंद पांडेय मूल रूप से सीवान जिले का रहने वाला है। उसपर छपरा के किसी थाने में हत्या का मामला दर्ज था।

जिसमें कोर्ट ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। पिछले वर्ष ही वह केन्द्रीय कारा अररिया से बक्सर कारा में आया था। उसके अच्छे व्यवहार व चाल चलन को देखते हुए जेल प्रशासन द्वारा उसे ओपेन जेल में शिफ्ट किया गया था। बुधवार को वह बिना किसी को कुछ बताए गायब हो गया। जेल प्रशासन द्वारा उसके घर तक खोज करवाई गई। वैसे सूत्रों का कहना है कि वह जेल प्रशासन के संपर्क में आ चुका है तथा देर रात तक वापस आने की बात बोला है। माना जा रहा है कि मानसिक अवसाद के कारण उसने ऐसा कदम उठाया है। जेल अधीक्षक राजीव कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि उसे जल्दी बरामद कर लिया जाएगा।