गंगा की तेज धार में समाया 18 वर्षीय विक्रम, छह घंटे की तलाश के बाद भी खाली हाथ लौटे गोताखोर

गंगा के बढ़ते जलस्तर और तेज धारा के बीच शुक्रवार को चक्की प्रखंड के परानपुर के समीप स्नान करने गया 18 वर्षीय युवक डूबकर लापता हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन ने एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम को मौके पर भेजा।

गंगा की तेज धार में समाया 18 वर्षीय विक्रम, छह घंटे की तलाश के बाद भी खाली हाथ लौटे गोताखोर

__ परानपुर के पास स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चला गया युवक, जलस्तर बढ़ने से रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रही बाधा

केटी न्यूज/सिमरी

गंगा के बढ़ते जलस्तर और तेज धारा के बीच शुक्रवार को चक्की प्रखंड के परानपुर के समीप स्नान करने गया 18 वर्षीय युवक डूबकर लापता हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन ने एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम को मौके पर भेजा। करीब छह घंटे तक चले सघन तलाशी अभियान के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। समाचार लिखे जाने तक उसकी तलाश जारी थी।लापता युवक की पहचान चक्की प्रखंड के भोला डेरा निवासी हरिगोविंद व्यास के पुत्र विक्रम यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि विक्रम शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे परानपुर के समीप गंगा में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया।

पानी की तेज धार के कारण वह अपना संतुलन नहीं संभाल सका और देखते ही देखते नदी में समा गया।घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा की तेज धारा के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली। युवक के डूबने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। इधर, हादसे की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

__ तेज बहाव बना तलाशी अभियान में बाधा

गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के कारण नदी में पानी का बहाव काफी तेज है। यही वजह है कि एसडीआरएफ और गोताखोरों को तलाशी अभियान के दौरान काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। टीम ने नदी के संभावित स्थानों पर कई घंटे तक खोजबीन की, लेकिन विक्रम का पता नहीं चल सका।चक्की अंचलाधिकारी संगीत कुमारी ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम को लगाया गया। करीब छह घंटे तक लगातार तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। तेज बहाव के कारण अभियान में कठिनाई हो रही है। टीम को लगातार युवक की तलाश में लगाया गया है।गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच इस घटना ने एक बार फिर नदी के गहरे पानी में स्नान करने के जोखिम को उजागर कर दिया है।