अखौरीपुर गोला में पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच, दंगल में उमड़ी भीड़

शरद पूर्णिमा के अवसर पर चौसा प्रखंड के अखौरीपुर गोला स्थित हनुमान मंदिर परिसर में सोमवार को आयोजित विराट दंगल में पहलवानों ने अपनी ताकत और कुश्ती कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों से पहुंचे पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग जुटे।

अखौरीपुर गोला में पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच, दंगल में उमड़ी भीड़

__ शरद पूर्णिमा पर आयोजित विराट कुश्ती प्रतियोगिता में बिहार और यूपी के पहलवानों ने आजमाया दमखम, कई मुकाबले बराबरी पर छूटे

केटी न्यूज/चौसा। 

शरद पूर्णिमा के अवसर पर चौसा प्रखंड के अखौरीपुर गोला स्थित हनुमान मंदिर परिसर में सोमवार को आयोजित विराट दंगल में पहलवानों ने अपनी ताकत और कुश्ती कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों से पहुंचे पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग जुटे। अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेच और जोरदार भिड़ंत ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं पूर्व विधायक लालदास राय ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने पहलवानों से हाथ मिलाकर कुश्ती प्रतियोगिता की शुरुआत कराई। दंगल में स्थानीय पहलवानों के साथ दूसरे क्षेत्रों से आए नामचीन पहलवानों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कई मुकाबले कांटे की टक्कर के बाद बराबरी पर समाप्त हुए, जबकि कुछ पहलवानों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पटखनी देकर जीत दर्ज की। विजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर पूर्व विधायक लालदास राय ने कहा कि दंगल जैसे आयोजन ग्रामीण खेल संस्कृति और पारंपरिक कुश्ती की विरासत को संरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विष्णु सिंह यादव ने की, जबकि मंच संचालन हरेराम सिंह ने किया। जिला कुश्ती संघ, बक्सर के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका रामानुज सिंह ने निभाई।दंगल के सफल आयोजन में राम नगीना सिंह, लंगा मुखिया, संतोष यादव, अजीत सिंह, अजय कुमार सिंह, जितेंद्र यादव सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।