नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म मामले में प्रधानाध्यापक गिरफ्तार, विभाग ने किया निलंबित शिक्षक सम्मान पर भी लगी रोक
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित सरकारी मध्य विद्यालय की पूर्व नाबालिग छात्रा से जुड़े कथित दुष्कर्म और आपत्तिजनक हरकत के मामले में पुलिस और शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

__ वायरल वीडियो के बाद पुलिस-प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, प्रधानाध्यापक निलंबित; दो शिक्षकों के खिलाफ पहले ही दर्ज हो चुकी है प्राथमिकी, फरार आरोपितों की तलाश तेज
केटी न्यूज/बक्सर।
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित सरकारी मध्य विद्यालय की पूर्व नाबालिग छात्रा से जुड़े कथित दुष्कर्म और आपत्तिजनक हरकत के मामले में पुलिस और शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिला प्रशासन ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित प्रधानाध्यापक को विभागीय स्तर पर निलंबित भी कर दिया गया है। साथ ही, उन्हें प्रदान किया जाने वाला राजकीय शिक्षक पुरस्कार-2026 भी विभाग ने तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है।मामले से संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। वहीं, आरोपित अन्य शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर फरार आरोपितों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

बताया जाता है कि विद्यालय से जुड़े गंभीर आरोपों का वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और शिक्षा विभाग सक्रिय हुए और मामले की जांच शुरू की गई। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत विद्यालय में पदस्थापित दो शिक्षकों को विभाग ने निलंबित किया था। अब प्रधानाध्यापक की गिरफ्तारी और निलंबन के बाद विभागीय कार्रवाई और तेज हो गई है।प्रशासन के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। वायरल वीडियो के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस का प्रयास है कि मामले में शामिल सभी आरोपितों की भूमिका स्पष्ट करते हुए उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।नाबालिग छात्रा से जुड़े इस मामले ने विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा, शिक्षकों की जिम्मेदारी और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना सामने आने के बाद शिक्षा महकमे में भी हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन ने पूरे मामले पर नजर बनाए रखी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।

