__ अरियाव मार्ग पर कई दिनों से सड़क पर जमा था पानी, सीओ की पहल पर हुई स्थल की मापी; पंचायत को नाली और आहर की सफाई कराने का निर्देश
केटी न्यूज/डुमरांव।
अरियाव मार्ग पर जलजमाव से परेशान लोगों को आखिरकार प्रशासनिक पहल के बाद तत्काल राहत मिल गई। कई दिनों से सड़क पर जमा पानी के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। स्थानीय लोगों की शिकायत पर अंचल प्रशासन ने संज्ञान लिया और मौके पर जांच के बाद जलनिकासी में बाधक बनी मिट्टी को हटवाया। इसके बाद सड़क पर जमा पानी निकलने लगा और आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर हो गई।

मामला अरियाव पंचायत के वार्ड संख्या-12 का है। यहां चरमुहान से महेंद्र यादव के घर तक नाली का निर्माण नहीं होने के कारण आसपास के घरों का पानी सड़क पर जमा हो रहा था। जलनिकासी की व्यवस्था नहीं रहने से समस्या लगातार गंभीर होती जा रही थी। ग्रामीणों की शिकायत के बाद सीओ बृजेश कुमार द्विवेदी ने विशेष सर्वेक्षण अमीन नीतीश कुमार और सुधांशु कुमार को 21 नवंबर को स्थल की मापी कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। संभावित विवाद को देखते हुए कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष को पुलिस बल की मौजूदगी में मापी कराने के लिए पत्र भी भेजा गया था।

जांच के दौरान सामने आया कि संबंधित आहर में गाद जमा होने और एक नाली का दूसरी नाली से संपर्क नहीं रहने के कारण पानी की निकासी बाधित थी। वहीं, सड़क किनारे अस्थायी रूप से डाली गई मिट्टी भी जलजमाव की बड़ी वजह बनी हुई थी। सीओ के निर्देश पर मिट्टी हटाई गई, जिससे तत्काल राहत मिली।

सीओ ने बताया कि समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए पंचायत को नाली निर्माण कराने तथा वीबी-जी रामजी योजना के तहत आहर की सफाई कराने का निर्देश दिया गया है। संबंधित विभागों को भी जरूरी कार्रवाई करने को कहा गया है। प्रशासन का प्रयास है कि जलनिकासी की मुकम्मल व्यवस्था हो, ताकि बरसात या अन्य दिनों में ग्रामीणों को फिर इस परेशानी से नहीं जूझना पड़े।



टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।