__ 52 कार्टून अंग्रेजी शराब के साथ रोहतास का चालक गिरफ्तार, तस्करी के नेटवर्क को खंगालने में जुटी मुरार पुलिस
केटी न्यूज/चौगाईं।
शराब तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचकर अवैध कारोबार को अंजाम देने के लिए भले ही नए-नए तरीके अपना रखे हों, लेकिन मुरार पुलिस की सतर्कता ने उनकी एक और कोशिश नाकाम कर दी। शनिवार की रात गुप्त सूचना पर पुलिस ने कोरान सराय-बगेन मार्ग स्थित बनजरियां पुल के समीप घेराबंदी कर शराब की बड़ी खेप पकड़ी। वाहन जांच के दौरान एक स्कार्पियो से 52 कार्टून में रखी 522 लीटर ब्लू लाइन ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मौके से चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में शराब तस्करी के नेटवर्क में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। बताया जाता है कि पुलिस को पहले ही सूचना मिल गई थी कि शराब की बड़ी खेप लेकर एक स्कार्पियो इस रास्ते से गुजरने वाली है।

सूचना मिलते ही मुरार थानाध्यक्ष युसूफ अंसारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने बनजरियां पुल के पास वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान संदिग्ध स्कार्पियो वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसके भीतर शराब के कार्टून भरे मिले। इसके बाद पुलिस ने शराब और स्कार्पियो को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान रोहतास जिले के काराकाट निवासी चंदन कुमार, पिता कृष्ण बल्लभ सिंह के रूप में हुई है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंची, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

थानाध्यक्ष युसूफ अंसारी ने बताया कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। चालक से मिली जानकारी के आधार पर तस्करी के इस धंधे में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने की दिशा में जांच जारी है।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।