बंद कमरे में फंदे से लटका मिला युवक का शव, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
राजपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव में शनिवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। गांव निवासी 27 वर्षीय दीपू कुमार का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पूरे गांव में मातम पसर गया।

केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव में शनिवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। गांव निवासी 27 वर्षीय दीपू कुमार का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पूरे गांव में मातम पसर गया।जानकारी के अनुसार, दीपू कुमार शुक्रवार की रात परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। उनकी पत्नी बच्चों के साथ मायके गई हुई थीं। शनिवार की सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकले तो परिजनों को चिंता हुई। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला गया।

अंदर का दृश्य देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। दीपू का शव कमरे में फंदे से लटका मिला।घटना की सूचना तत्काल राजपुर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए।थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।दीपू की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है। सूचना मिलने पर मानवाधिकार संगठन के सदस्य सत्येंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

