नीट विवाद की गूंज बक्सर तक, छात्रों ने अंबेडकर चौक पर खोला मोर्चा

देशभर में नीट परीक्षा को लेकर उठे विवाद की गूंज शुक्रवार को बक्सर में भी सुनाई दी। परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अंबेडकर चौक पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग उठाई।

नीट विवाद की गूंज बक्सर तक, छात्रों ने अंबेडकर चौक पर खोला मोर्चा

__ पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और जवाबदेही की मांग; शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बीच प्रशासन रहा मुस्तैद

केटी न्यूज/बक्सर :

देशभर में नीट परीक्षा को लेकर उठे विवाद की गूंज शुक्रवार को बक्सर में भी सुनाई दी। परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अंबेडकर चौक पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली लागू करने, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।सुबह करीब 11 बजे शुरू हुए प्रदर्शन में छात्र हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बहाल करने और अभ्यर्थियों के भविष्य की सुरक्षा को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। छात्रों का कहना था कि बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा संबंधी विवादों ने लाखों युवाओं की वर्षों की मेहनत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है और युवाओं का व्यवस्था पर भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है।प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने मांग की कि नीट पेपर लीक प्रकरण की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा इसमें शामिल सभी दोषियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं के संचालन में ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार की संभावना समाप्त हो सके। प्रदर्शन में शामिल कई छात्रों ने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली में ठोस और प्रभावी सुधार लागू करने की मांग की। कुछ प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग भी उठाई।

छात्र नेताओं ने कहा कि यदि सरकार और संबंधित एजेंसियों की ओर से समय रहते ठोस पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। उनका कहना था कि यह केवल एक परीक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की साख से जुड़ा प्रश्न है।उधर, प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। अंबेडकर चौक पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सदर एसडीएम अविनाश कुमार और सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम की निगरानी करते रहे। प्रशासन की सतर्कता तथा छात्रों के अनुशासित रवैये के कारण प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। दोपहर करीब 1:30 बजे राष्ट्रगान के साथ प्रदर्शन समाप्त हुआ।