पांच संकुलों से उभरी छात्र प्रतिभाएं, अब प्रखंड स्तर पर होगा मुकाबला

विद्यालयी शिक्षा के साथ विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता और कल्पनाशीलता को मंच देने के उद्देश्य से सोमवार को प्रखंड के पांचों संकुल संसाधन केंद्रों पर भाषण एवं चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की गई। अलग-अलग विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

पांच संकुलों से उभरी छात्र प्रतिभाएं, अब प्रखंड स्तर पर होगा मुकाबला

__ ‘मेरे सपनों का भारत’ में नन्हे कलाकारों ने भरी कल्पनाओं की उड़ान, ‘विकसित भारत’ पर विद्यार्थियों ने रखे विचार

केटी न्यूज/चौगाईं।

विद्यालयी शिक्षा के साथ विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता और कल्पनाशीलता को मंच देने के उद्देश्य से सोमवार को प्रखंड के पांचों संकुल संसाधन केंद्रों पर भाषण एवं चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की गई। अलग-अलग विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।भाषण प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। ‘विकसित भारत की संकल्पना’ और ‘प्रधानमंत्री का सेवा कार्य’ जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों की प्रस्तुति, विषय की समझ और अभिव्यक्ति क्षमता ने निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया।प्रत्येक संकुल से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों का चयन प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।प्रतियोगिता का आयोजन उच्च माध्यमिक विद्यालय खेवली, उच्च विद्यालय मुरार, उच्च विद्यालय चौगाईं, उच्च माध्यमिक विद्यालय ओझाबरांव और उच्च माध्यमिक विद्यालय नचाप में हुआ।इसी क्रम में चित्रांकन प्रतियोगिता में कक्षा एक से पांच तथा छह से आठ तक के विद्यार्थियों को दो वर्गों में बांटा गया।

‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर बच्चों ने रंगों और कल्पनाओं के माध्यम से भारत की अपनी तस्वीर कागज पर उकेरी। दोनों वर्गों में प्रत्येक संकुल से बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीन-तीन विद्यार्थियों का चयन प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह डीपीओ सुरेश प्रसाद ने बताया कि संकुल स्तर पर चयनित प्रतिभागियों के बीच मंगलवार को प्रखंड संसाधन केंद्र परिसर में प्रखंड स्तरीय भाषण एवं चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित होगी। यहां चयनित विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को और बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।