गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल बनी ईद, हिंदू-मुस्लिम ने साथ मनाया खुशियों का पर्व

रमजान के पवित्र महीने के समापन के साथ शनिवार को राजपुर प्रखंड क्षेत्र में ईद-उल-फितर का पर्व आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की शानदार मिसाल के रूप में मनाया गया। इस दौरान सिर्फ धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता की झलक भी हर जगह देखने को मिली।

गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल बनी ईद, हिंदू-मुस्लिम ने साथ मनाया खुशियों का पर्व

__आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश, प्रशासन भी रहा मुस्तैद

केटी न्यूज/राजपुर :

रमजान के पवित्र महीने के समापन के साथ शनिवार को राजपुर प्रखंड क्षेत्र में ईद-उल-फितर का पर्व आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की शानदार मिसाल के रूप में मनाया गया। इस दौरान सिर्फ धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता की झलक भी हर जगह देखने को मिली।सुबह सात बजे से ही खरगपुरा, संगराव, मंगराव, डिहरी, सरेंजा, खीरी, बन्नी, जमौली, तियरा, रामपुर, देवढ़िया, श्रीकांतपुर, सिकरौल और जलीलपुर सहित विभिन्न गांवों के ईदगाहों में लोगों ने शांतिपूर्ण माहौल में नमाज अदा की।

नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।इस मौके पर खास बात यह रही कि हिंदू समुदाय के लोगों ने भी आगे बढ़कर अपने मुस्लिम भाइयों को बधाई दी और उनके घर जाकर सेवइयों का आनंद लिया। दिनभर एक-दूसरे के घर आने-जाने का सिलसिला चलता रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में सौहार्द का वातावरण बना रहा।मंगराव और राजपुर में स्थानीय कमेटियों के नेतृत्व में ईद की नमाज का आयोजन किया गया, जहां समाज के लोगों की सक्रिय भागीदारी दिखी।

वहीं जरूरतमंदों के बीच दान भी वितरित किया गया, जिससे पर्व की खुशियां सभी तक पहुंच सकें।शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। थानाध्यक्ष निवास कुमार पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। वहीं बीडीओ सिद्धार्थ कुमार और सीओ डॉ. शोभा कुमारी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए ईद की बधाई दी।कुल मिलाकर, ईद का यह पर्व क्षेत्र में एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश देकर गया।